लेबनान के रक्षा मंत्री समीर मुक़बिल ने तेहरान दौरे को सार्थक बताया और ईरान की ओर से लेबनानी सेना को तकफ़ीरी आतंकवाद के ख़िलाफ़ जंग में मज़बूत बनाने के लिए बिना शर्त हथियारों की मदद के संबंध में तेहरान के साथ बातचीत पर संतोष जताया।
समीर मुक़बिल ने टेलीविज़न पर अपने संबोधन में अपने तेहरान दौरे को सफल बताते हुए कहा कि प्रगतिशील सोशलिस्ट पार्टी के प्रमुख वलीद जुम्बुलात सहित कुछ हल्क़ों की ओर से विरोध के बावजूद उन्होंने तेहरान का दौरा किया। जुम्बुलात ने लेबनानी रक्षा मंत्री से ईरान का दौरा रद्द करने की अनुशंसा की थी। समीर मुक़बिल ने कहा कि रक्षा मंत्री के रूप में मैं इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि तेहरान ज़रूर जाऊं और हथियारों की मदद की पेशकश के बारे में बातचीत करूं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लेबनानी मंत्रीमंडल की सहमति के बाद हथियार के विशेषज्ञों के साथ तेहरान का दौरा किया गया।
लेबनानी रक्षा मंत्री ने कहा कि ईरान की ओर से प्रस्तावित हथियारों की सूचि लेबनानी सेना की कमान के हवाले कर दी है जिसकी वह समीक्षा करेगी और हथियार लेना मंत्रीमंडल की स्वीकृति पर निर्भर है।
उधर ईरानी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मर्ज़िया अफ़्ख़म ने इस बात पर बल देते हुए कि ईरान तकफ़ीरी आतंकवाद से संघर्ष में लेबनानी सेना की मदद करने के लिए तय्यार है, कहा कि मदद भेजने के लिए हम लेबनान की ओर से जवाब का इंतेज़ार कर रहे हैं। उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि लेबनानी सेना आतंकवाद से संघर्ष में अग्रिम मोर्चे में है, कहा कि यह सेना अच्छे सैन्य उपकरणों की मदद से आतंकवादियों से पूरी शक्ति के साथ लड़ सकती है। ईरानी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा कि लेबनानी सेना को आतंकवाद से संघर्ष में ज़रूरी उपकरण दिए जाने चाहिएं।
23 अक्टूबर 2014 - 17:28
समाचार कोड: 646392
लेबनान के रक्षा मंत्री समीर मुक़बिल ने तेहरान दौरे को सार्थक बताया और ईरान की ओर से लेबनानी सेना को तकफ़ीरी आतंकवाद के ख़िलाफ़ जंग में मज़बूत बनाने के लिए बिना शर्त हथियारों की मदद के संबंध में तेहरान के साथ बातचीत पर संतोष जताया।