इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई से मंगलवार की शाम इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने भेंटवार्ता की। इस भेंटवार्ता में वरिष्ठ नेता ने कहा कि क्षेत्र के एक महत्त्वपूर्ण देश होने की हैसियत से ईरान के लिए इराक़ बहुत महत्त्वपूर्ण देश है। उन्होंने कहा कि ईरान, इराक़ की नई सरकार का पूरी दृढ़ता से समर्थन करता है। वरिष्ठ नेता ने कहा कि इराक़ सहित क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, सीरिया में क्षेत्र के कुछ देशों और बाहरी शक्तियों की ग़ैर ज़िम्मेदाराना नीतियों का परिणाम हैं। वरिष्ठ नेता ने कहा कि हमारा मानना है कि इराक़ी राष्ट्र और सरकार विशेषकर इस देश के युवा, आतंकवादियों के षड्यंत्रों को विफल बनाने और देश में सुरक्षा की स्थापना की भरपूर क्षमताएं रखते हैं और यहां पर विदेशी सैनिकों की उपस्थिति की कोई आवश्यकता नहीं है।
वरिष्ठ ने इराक़ की नई सरकार के गठन पर इराक़ी राष्ट्र और सरकार को बधाई दी और कहा कि इराक़, क्षेत्र का प्रभावी, महत्त्वपूर्ण और बड़ा देश है और इस देश की स्थिति के सामान्य होने पर यह वास्तव में अपनी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता ने जनता की समस्याओं के समाधान, देश में शांति और स्थिरता की स्थापना के लिए इस देश की पूर्व सरकार के प्रयासों की ओर संकेत करते हुए कहा कि हम, इराक़ और क्षेत्र के लिए श्री नूरी मालेकी के महान प्रयासों को कभी नहीं भूल सकते। वरिष्ठ नेता ने इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी को संबोधित करते हुए कहा कि हम आपके साथ हैं, और पिछली सरकार की भांति आपकी सरकार का पूरी गंभीरता के साथ बचाव करेंगे।
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई ने इस भेंटवार्तजा में बल दिया कि हम, ईरान और इराक़ के संबंधों को दिन प्रतिदिन मज़बूत होता देख रहे हैं और इसी आधार पर ईरान, इराक़ की किसी भी प्रकार की सहायता में तनिक भी संकोच नहीं करेगा। वरिष्ठ नेता ने सुरक्षा को इराक़ी सरकार की प्राथमिकता बताया और कहा कि जैसा कि हमने पहले बताया कि इराक़ी सरकार और जनता, देश की सुरक्षा समस्याओं को नियंत्रित करने में पूर्ण रूप से सक्षम है और उसे किसी विदेशी की आवश्यकता नहीं है। वरिष्ठ नेता ने इराक़ की सुरक्षा को ईरान के लिए बहुत महत्त्वपूर्ण बताया और कहा कि क्षेत्र की स्थिति इतनी जटिल है और ईरान, इराक़ का मित्र देश होने के नाते इस देश की सुरक्षा को अपनी सुरक्षा समझता है।
21 अक्टूबर 2014 - 19:12
समाचार कोड: 645935
इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैयद अली ख़ामेनेई से मंगलवार की शाम इराक़ी प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने भेंटवार्ता की।