20 अक्टूबर 2014 - 20:35
 सीरिया में अतीत की ग़लतियों को दोहराया न जाए,

ईरान के विदेश उपमंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा है कि सीरिया में सफलता उसी स्थिति में मिल सकती है जब अतीत की ग़लतियों को दोहराने से बचा जाए।

ईरान के विदेश उपमंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने कहा है कि सीरिया में सफलता उसी स्थिति में मिल सकती है जब अतीत की ग़लतियों को दोहराने से बचा जाए।
सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत स्टीफ़न डी मिस्तूरा ने सोमवार को श्री अदुल्लाहियान से मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात में ईरानी विदेश उपमंत्री ने कहा कि सीरिया संकट के समाधान में संयुक्त राष्ट्र संघ की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सीरिया में संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रतिनिधि मिशन से ईरान के व्यापक सहयोग का हवाला देते हुए कहा कि ईरान सीरिया संकट के राजनैतिक समाधान की प्रक्रिया में सहयोग के लिए तैयार है।
श्री अदुल्लाहियान ने कहा कि अमरीका की एकपक्षीय कार्यवाहियों के कारण संयुक्त राष्ट्र संघ की स्थिति कमज़ोर हुई है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में ईरान, सीरिया तथा इराक़ का भरपूर समर्थन करता है और साथ ही इन देशों की राष्ट्रीय संप्रभुता का सम्मान करते हुए दूसरों को भी यही सलाह देता है कि वे राष्ट्रीय संप्रभुता का सम्मान करें।
इस मुलाक़ात में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत ने कहा कि सीरिया संकट को केवल राजनैतिक मार्गों से हल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक हल सीरिया की ज़मीनी सच्चाई को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र के दूत ने कहा कि सीरिया के मामले में ईरान की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है।