इस्राईल के अख़बार हा आरेत्ज़ ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि गत वर्ष नवंबर महीने से इस साल जुलाई तक 63 यहूदियों ने इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया।
अख़बार के अनुसार इस्राईली न्याय मंत्रालय ने यह घोषणा की है। अख़बार का कहना है कि इस्राईल में यदि कोई यहूदी अपना धर्म छोड़कर मुसलमान या ईसाई हो जाता है तो उसे बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यहूदी धर्म त्यागने वाले कई लोगों ने बताया कि दूसरा धर्म अपनाने के बाद उन्हें धार्मिक संस्थाओं की ओर से भारी दबाव का सामना करना पड़ा।
समाचार पत्र हा आरेत्ज़ के अनुसार जिस व्यक्ति की उम्र 18 साल हो गई है और अब वह इस्लाम धर्म स्वीकार करना चाहता है तो उसे अपने आवास के क़रीबी धार्मिक कोर्ट में जाना पड़ता है और जज के सामने कलमा पढ़ना होता है और उन चीज़ों को भी बयान करना होता है जिनका उसे मुसलमान होने के बाद पालन करना है। अदालत में यह बयान क़लमबंद किया जाता है और फिर जज उस व्यक्ति को धर्म परिवर्तन का सर्टीफ़िकेट दे देता है। अख़बार के अनुसार इस चरण के बाद उस व्यक्ति को न्याय मंत्रालय की धर्म परिवर्तन इकाई में जाना पड़ता है और वहां धर्म परिवर्तन का आवेदन देना होता है। कहा तो यह जाता है कि आवेदन का जवाब बहुत जल्दी आ जाता है किंतु जिन लोगों ने धर्म परिवर्तन किया है उनका कहना है कि इस चरण में बड़ी कठिनाइयां होती हैं और बड़ा समय लगता है। इस बीच यहूदी धार्मिक संस्थाएं उस व्यक्ति पर बार बार दबाव डालती हैं कि यहूद धर्म छोड़ने का वह अपना इरादा बदल दे।
हा आरेत्ज़ की रिपोर्ट के अनुसार जो व्यक्ति भी यहूदी धर्म छोड़कर दूसरा धर्म स्वीकार करता है उसे सरकारी तौर पर इसके बाद भी यहूदी माना जाता है तथा उसका पंजीकरण दोहरे धर्म वाले व्यक्ति के रूप में किया जाता है।
अख़बार ने अवैध अधिकृत फ़िलिस्तीन में मजदुलकरूम नामक गांव के मुस्लिम धर्मगुरू शैख़ मोहम्मद कीवान के हवाले से बताया कि बालिग़ यहूदी यदि इस्लाम धर्म स्वीकार करना चाहे तो उसे साबित करना होता है कि उसने पूरी स्वतंत्रता के साथ यह फ़ैसला किया है और यह क़दम उठाने के पीछे केवल धार्मिक भावना है कोई दूसरा कारक नहीं है।
इस्राईली न्याय मंत्रालय में धर्म परिवर्तन मामलों की संस्था में काम करने वाले विशेषज्ञ और इस्राईली वकील यूसी हार्शलर ने बताया कि वर्ष 2011 में 423 लोगों को धर्म परिवर्तन की अनुमति दी गई।
15 अक्टूबर 2014 - 18:40
समाचार कोड: 644608
इस्राईल के अख़बार हा आरेत्ज़ ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि गत वर्ष नवंबर महीने से इस साल जुलाई तक 63 यहूदियों ने इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया।