30 सितंबर 2014 - 18:41
तय समय सीमा पर परमाणु बातचीत के हल पर ईरान की ताकीद।

राष्ट्रपति ने कहा है कि ईरान निर्धारित समय में परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर के लिए दृढ़ संकल्प रखता है।

अबनाः राष्ट्रपति ने कहा है कि ईरान निर्धारित समय में परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर के लिए दृढ़ संकल्प रखता है।
डाक्टर हसन रूहानी ने रूस के टीवी चैनल 24 से बात करते हुए कहा कि यदि परमाणु मामले के सभी पक्ष, दृढ़ संकल्पित हों तो परमाणु समझौता निर्धारित तारीख़ पर हो सकता है और ईरान इसके लिए पूरी तरह से गंभीर है। उन्होंने कहा कि गुट पांच धन एक के सभी सदस्य, ईरान के साथ समझौते की आवश्यकता को समझते हैं किंतु अमरीका इस प्रक्रिया में बहुत धीमी गति से चल रहा है। राष्ट्रपति ने आशा जताई कि अमरीका भी दीर्घकालीन हितों के बारे में सोचेगा क्योंकि इसी स्थिति में समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।
डाक्टर रूहानी ने इसी प्रकार आतंकवादी गुट आईएसआईएल पर अमरीका के हमलों के संबंध में ईरान की नीति के बारे में कहा कि आतंकियों के ठिकानों पर बमबारी केवल दिखावे की कार्यवाही है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद, एक वैश्विक समस्या है और इसे किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित नहीं किया जा सकता और इसी कारण आतंकवाद से संघर्ष में सभी देशों को राजनैतिक, सामाजिक व सांस्कृतिक मामलों में एक दूसरे की सहायता करनी चाहिए।
ईरान के राष्ट्रपति ने तेहरान व मास्को के संबंधों में विस्तार की प्रक्रिया के बारे में कहा कि दोनों देश आर्थिक व व्यापारिक समझौते करके, द्विपक्षीय सहयोग व संबंधों को विस्तृत करने में सफल हुए हैं। उन्होंने ईरान पर अमरीका व उसके पश्चिमी घटकों की ओर से लगाए गए अवैध प्रतिबंधों की ओर संकेत करते हुए कहा कि पश्चिम अपने लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबंध को एक राजनैतिक हथकंडे के रूप में प्रयोग करता है किंतु ईरान के संबंध में उसका यह हथकंडा प्रभावी नहीं रहा है।