इराक़ के विदेश मंत्री ने विश्व समुदाय से मांग की है कि वह आईएस आतंकी गुट के संबंध में एकजुट नीति अपनाए।
इराक़ की समाचार एजेन्सी नहरैन न्यूज़ के अनुसार विदेश मंत्री इब्राहीम जाफ़री के कार्यालय ने एक बयान जारी करके कहा कि विदेश मंत्री ने सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत स्टीफ़न डी मेस्टोरा से भेंट में कहा कि इराक़ और सीरिया में आईएस के ख़तरों से मुक़ाबले के लिए दोहरा व्यवहार नहीं रखा जा सकता।
इब्राहीम जाफ़री ने इस भेंटवार्ता में बल दिया कि विश्व समुदाय को चाहिए कि दुनिया के किसी भी कोने में आईएस के आतंकियों की ओर से लोगों की हत्या, लूटपाट, चोरी, डकैती और महिलाओं के बलात्कार जैसे कृत्यों से मुक़ाबले के लिए समान दृष्टिकोण अपनाए। उन्होंने इसी प्रकार कहा कि उनका देश क्षेत्रीय देशों के साथ सहयोग करने और संयुक्त शत्रुओं से टकराने के प्रयास बढ़ाने के तैयार है। उनका कहना था कि इराक़ की नई सरकार ने विश्व समुदाय के साथ संपर्क का नया अध्याय आरंभ किया है।
दूसरी ओर इराक़ के संसद सभापति ने आईएस के विरुद्ध कार्यवाही में समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया है। सलीम अलजबूरी ने बुधवार को संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बग़दाद, आईएस से संघर्ष के लिए रियाज़ और पेरिस में होने वाली बैठक में पारित होने वाले प्रस्ताव का समर्थन करता है और इस बैठक के परिणाम के क्रियान्यवन की आवश्यकता पर बल देता है।
18 सितंबर 2014 - 07:22
समाचार कोड: 638469
इराक़ के विदेश मंत्री ने विश्व समुदाय से मांग की है कि वह आईएस आतंकी गुट के संबंध में एकजुट नीति अपनाए।