18 सितंबर 2014 - 07:14
आईएस के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन संदिग्ध

ईरान ने आईएस के विरुद्ध गठबंधन को संयुक्त राष्ट्र संघ के मैकेनिज़्म से बाहर बताया है।

ईरान ने आईएस के विरुद्ध गठबंधन को संयुक्त राष्ट्र संघ के मैकेनिज़्म से बाहर बताया है।
विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता मरज़िया अफ़ख़म ने आईएस के विरुद्ध अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन के बारे में कहा कि इस गठबंधन की क़ानूनी मान्यता के बारे में शंका पाई जाती है। उनका कहना था कि आईएस के विरुद्ध गठबंधन के बारे में इस्लामी गणतंत्र ईरान की नीति इससे पूर्व वरिष्ठ नेता सहित ईरान के उच्च अधिकारियों की ओर से बयान की जा चुकी है और ईरान के विदेशमंत्रालय ने भी इस संबंध में अपना दृष्टिकोण स्पष्ट कर दिया है।
मरज़िया अफ़ख़म ने कहा कि आतंकवादियों से मुक़ाबले के लिए इस गठबंधन की ओर से बयान किए जाने वाले लक्ष्य, इस गठबंधन के कुछ वर्तमान और पूर्व के सदस्यों के क्रियाकलापों के विपरीत हैं। विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता ने आतंकवाद से संघर्ष के दावेदार कुछ देशों की दिखावे की राजनीति की ओर संकेत करते हुए, जो अब आईएस के विरुद्ध संघर्ष के ध्वजवाहक बने बैठे हैं, कहा कि आतंकवाद से संघर्ष के लिए लंबे चौड़े गठबंधन बनाने और ज़बरदस्त प्रोपेगैंडे से पहले, राजनैतिक इच्छा शक्ति की आवश्यकता है और आतंकवाद से संघर्ष के लिए दोहरे मापदंडों से बचना चाहिए। उनका कहना था कि खेद की बात यह है कि उक्त गठबंधन के कुछ सदस्यों के क्रियाकलाप यह दर्शाते हैं कि उन्होंने आतंकवाद के संबंध में दोहरा रवैया अपना रखा है।
विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता ने इस बात पर बल देते हुए कि तेहरान पूरी सच्चाई से और वास्तविक ढंग से आतंकवाद से संघर्ष के अभियान को स्वीकार करता है, कहा कि ईरान ने इस संबंध में सदैव ज़िम्मेदाराना ढंग से काम किया है और इसलिए वह इस संबंध में सभी देशों से पूरी सच्चाई और ज़िम्मेदारी से काम करने की अपील करता है।