15 सितंबर 2014 - 18:24
इराक़ और आईएस के संबंध में पेरिस कांफ़्रेंस आंरभ

इराक़ में शांति व सुरक्षा से संबंधित पेरिस कांफ़्रेंस सोमवार को फ़्रांसीसी राष्ट्रपति फ़्रांसवा ओलांद के भाषण से शुरु हुयी।

इराक़ में शांति व सुरक्षा से संबंधित पेरिस कांफ़्रेंस सोमवार को फ़्रांसीसी राष्ट्रपति फ़्रांसवा ओलांद के भाषण से शुरु हुयी।
फ़्रांसवा ओलांद ने अपने इराक़ी समकक्ष फ़ोआद मासूम के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में बताया कि लगभग 30 देश पेरिस में इस कांफ़्रेंस में उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि इस कांफ़्रेंस का लक्ष्य आतंकवादी गुट आईएस के ख़िलाफ़ इराक़ का राजनैतिक समर्थन करना है।
फ़्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा कि आईएस का ख़तरा बहुत व्यापक है इसलिए इस गुट से मुक़ाबला भी व्यापक व बहुपक्षीय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इराक़ को आईएस के ख़तरे के मुक़ाबले में अकेला नहीं छोड़ना चाहिए और हमें इराक़ की मदद के लिए अब और प्रतीक्षा नहीं करना चाहिए। हमें चाहिए कि आईएस के विरुद्ध इराक़ का खुलकर समर्थन करें। फ़्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा कि इराक़ को इसी प्रकार आईएस से निपटने के लिए सैन्य समर्थन की भी ज़रूरत है।
पेरिस से फ़्रांस प्रेस के अनुसार इराक़ में शांति व सुरक्षा से संबंधित पेरिस कांफ़्रेंस के शुरु होने से कुछ घंटे पहले फ़्रांस ने घोषणा की थी कि आईएस के ख़िलाफ़ अमरीका के हवाई हमले के समर्थन में टोही उड़ान भरने में ब्रिटेन का साथ देगा।
फ़्रांस के रक्षा मंत्री जान लोडरयान ने संयुक्त अरब इमारात में स्थित अज़्ज़फ़रा छावनी में पायलेटों सहित फ़्रांसीसी सैनिकों से कहा कि इराक़ी और संयुक्त अरब इमारात के अधिकारियों की सहमति से आरंभिक टोही उड़ाने सोमवार से शुरु होंगी।