अबनाः अरब लीग के प्रमुख नबील अलअरबी ने कहा है कि चरमपंथी संगठन आईएस के विरुद्ध संयुक्त मोर्चा बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आतंकी गुट के विरुद्ध व्यापक सैनिक और राजनैतिक कार्यवाही की जानी चाहिए।
रविवार को मिस्र की राजधानी क़ाहेरा में अरब देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में नबील अलअरबी ने कहा कि सामरिक और राजनैतिक स्तर पर व्यापक मुक़ाबला करने के लिए एक स्पष्ट फ़ैसले की आवश्यकता है। अरब लीग के प्रमुख ने कहा कि तकफ़ीरी चरमपंथियों के विरुद्ध लड़ाई में इराक़ अग्रिम मोर्चा है और विश्व समुदाय को चाहिए कि इराक़ के साथ भरपूर सहयोग करे।
उन्होंने विश्व समुदाय से मांग की कि आतंकी संगठन की आर्थिक सहायता और विदेशों से होने वाली नई भर्तियों को रोकने के लिए स्पष्ट नीति बनाए।
नबील अलअरबी ने कहा कि आईएस आतंकी संगठन इराक़ तथा क्षेत्र के अन्य देशों के लिए अस्तित्व का ख़तरा है। उन्होंने कहा कि जो कुछ इराक़ में हो रहा है वह किसी एक देश की सरकार के लिए ख़तरा नहीं है बल्कि इससे पूरे देश और क्षेत्र के अन्य देशों के लिए अस्तित्व का ख़तरा उत्पन्न हो गया है।
क़ाहेरा बैठक में इराक़ ने प्रस्ताव रखा है जिसमें मांग की है कि आईएस के आतंकियों के विरुद्ध इराक़ की लड़ाई में अरब लीग इराक़ की सहायता करे।
7 सितंबर 2014 - 19:13
समाचार कोड: 636203
अरब लीग के प्रमुख नबील अलअरबी ने कहा है कि चरमपंथी संगठन आईएस के विरुद्ध संयुक्त मोर्चा बनाने की आवश्यकता है।