7 सितंबर 2014 - 19:13
ईरान ने यमन में हस्तक्षेप पर आधारित आरोप को निराधार बताया।

ईरान के विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता ने बल देकर कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान की विदेश नीति, देशों के साथ सहयोग और अन्य देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने पर आधारित है।

अबनाः ईरान ने सदैव ही यमन की एकता और अखण्डता का समर्थन किया है। ईरान के विदेशमंत्रालय की प्रवक्ता ने बल देकर कहा है कि इस्लामी गणतंत्र ईरान की विदेश नीति, देशों के साथ सहयोग और अन्य देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने पर आधारित है। मरज़िया अफ़ख़म ने यमन के राष्ट्रपति के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया स्वरूप बल देकर कहा कि ईरान सदैव ही यमन का हितैषी रहा है और उसने सदा ही वहां पर एकता और अखण्डता का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यमन की राजनैतिक प्रक्रिया में वहां के समस्त दलों की भागीदारी और जनता की होशियारी से इस देश में शांति एवं स्थिरता को वापस लाया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि यमन के राष्ट्रपति अब्दो रब्बे मंसूर हादी ने शनिवार को इस देश के राजनैतिक दलों के नेताओं के साथ भेंट में यमन की वर्तमान स्थिति का ज़िम्मेदार ईरान को बताया था।