7 सितंबर 2014 - 17:06
इराक: हदीसा में सैन्य अभियान शुरू।

पश्चिमी इराक़ के हदीसा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से दाइश के आतंकवादियों का सफाया करने के लिए सैन्य अभियान शुरू हो गया है

अहलेबैत समाचार एजेंसी अबना की रिपोर्ट के अनुसार पश्चिमी इराक़ के हदीसा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से दाइश के आतंकवादियों का सफाया करने के लिए सैन्य अभियान शुरू हो गया है। सूत्रों के अनुसार हदीसा के एक स्थानीय उच्च अधिकारी अब्दुल हकीम अलजफ़ीफ़ी ने इराक़ के सोमरिया टीवी चैनल से बातचीत में आतंकवाद के ख़िलाफ़ अभियान में इराक़ी सैनिकों के साथ अलजफ़ाएफ़ा क़बीले के सहयोग की ओर इशारा करते हुए कहा है कि दाइश आतंकवादी गिरोह के लोगों का सफाया करने के लिए यह सैन्य अभियान, हदीसा के बरवाना, अलखफ़ाजिया और उलूस के क्षेत्रों में शुरू हुआ जिसमें इराक़ी वायुसेना का भी सहयोग है। इस रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के युद्धक विमानों ने बरवाना क्षेत्र में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाया है। पूर्वी इराक़ में स्थित दियाला प्रांत के पुलिस प्रमुख जमील अलशिमरी ने भी सोमरिया टीवी चैनल से बातचीत में बलदरोज़ की घेराबंदी तोड़े जाने की ओर इशारा करते हुए कहा है कि इस सैन्य अभियान का उद्देश्य बअकूबह के पूर्वोत्तर में मुख्य बांध, अलसुदूर को आज़ाद कराना है। ग़ौरतलब है कि दियाला राज्य में दाइश आतंकवादी समूह द्वारा बअकूबह के आसपास के क्षेत्रों का पानी काट दिए जाने के परिणाम स्वरूप इस क्षेत्र के एक लाख तीस हजार नागरिक अपना घर बार छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं।