6 सितंबर 2014 - 03:59
मूसेल से सीरिया भाग रहे हैं आतंकवादी।

इराक़ में उत्तरी मूसेल की ओर सेना की बढ़त के बाद आतंकवादी संगठन दाइश के सरग़ना इस शहर से सीरिया की ओर भाग रहे हैं।

अबनाः इराक़ में उत्तरी मूसेल की ओर सेना की बढ़त के बाद आतंकवादी संगठन दाइश के सरग़ना इस शहर से सीरिया की ओर भाग रहे हैं।
अलइराक़िया टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ के सुरक्षा सूत्रों ने बताया है कि दाइश के अनेक सरग़ना, मूसेल शहर को छोड़ कर सीरिया की सीमाओं में घुस रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि इराक़ी सेना द्वारा सलाहुद्दीन प्रांत के अनेक इलाक़ों पर सेना के कंट्रोल और मूसेल शहर के निकट पहुंच जाने के कारण दाइश के सरग़ना इस शहर से भाग रहे हैं।
इस बीच इराक़ी रक्षामंत्रालय ने बताया है कि मूसेल पर हवाई हमले में कम से कम 50 आतंकवादी मारे गए हैं और दसियों अन्य घायल हुए हैं। इराक़ के सुरक्षा सूत्रों ने बताया है कि सलाहुद्दीन प्रांत के सामर्रा शहर के दक्षिण में स्थित कई इलाक़ों पर सिक्योरिटी फ़ोर्सेज़ का कंट्रोल हो गया है। एक सुरक्षा अधिकारी अज़ीज़ एमारा ने बताया कि सिक्योरिटी फ़ोर्सेज़ ने दक्षिणी सामर्रा में बड़ी संख्या में हथियारों और गोला बारूद से भरे एक गोदाम को खोज कर उसे अपने कंट्रोल में ले लिया।
उत्तरी इराक़ के तोज़ख़ोरमातो क्षेत्र में दाइश के आतंकवादियों के ठिकानों पर इराक़ी वायु सेना के हमले में भी दसियों आतंकी मारे गए जो इस क्षेत्र पर हमला करना चाहते थे। दूसरी ओर पूर्वी इराक़ के दियाला प्रांत के सादिया क्षेत्र के एक अधिकारी ने बताया कि इस क्षेत्र के अधिकतर आतंकवादी सरग़ना नैनवा व सलाहुद्दीन प्रांतों की ओर भाग गए हैं। उन्होंने बताया कि इराक़ की वायु सेना के हमलों की वजह से तकफ़ीरी आतंकवादी सादिया क्षेत्र और उसके आस-पास के इलाक़ों से भाग रहे हैं। दाइश ने जून के अंतिम दिनों में सादिया क्षेत्र पर क़ब्ज़ा कर लिया था।
इसी तरह पूर्वी इराक़ में स्थित वासित प्रांत के एक सुरक्षा सूत्र ने शुक्रवार को बताया कि इस प्रांत के उत्तरी भाग में एक टोही विमान गिर कर तबाह हो गया है लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसका संबंध किस देश से है। सूत्र ने बताया कि वासित प्रांत के सुरक्षा अधिकारियों ने इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।