3 सितंबर 2014 - 15:45
सलाहुद्दीन में नरसंहार करने वालों को बख़्शा नहीं जाएगा।

इराक़ के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री ने सलाहुद्दीन प्रांत की हवाई छावनी में जनसंहार करने वालों को दंडित किए जाने पर बल दिया है।

अबनाः इराक़ के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री ने सलाहुद्दीन प्रांत की हवाई छावनी में जनसंहार करने वालों को दंडित किए जाने पर बल दिया है।
हैदर एबादी ने बुधवार को स्पाइकर हवाई छावनी में आईएस के आतंकवादियों द्वारा किए गए नृशंस जनसंहार की ओर संकेत करते हुए कहा कि निश्चित रूप से यह अमानवीय अपराध करने वालों से बदला लिया जाएगा।
इसी प्रकार राष्ट्रीय घटक गठजोड़ के एक सांसद हैसम जबूरी ने भी स्पाइकर छावनी से शवों को बाहर निकालने और बंधक बनाए गए लोगों को रिहा कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि इस गठजोड़ के बीस सांसदों ने इस आतंकवादी कार्यवाही का शिकार बनने वालों के परिजनों से भेंट में, उच्च सुरक्षा कमांडरों के साथ एक खुली बैठक आयोजित करने पर सहमति जताई है। इराक़ की संसद में बुधवार को स्पाइकर हवाई छावनी में हुए जनसंहार के बारे में एक बैठक आयोजित होगी।
ज्ञात रहे कि 15 जून को आईएस ने सलाहुद्दीन प्रांत की स्पाइकर हवाई छावनी पर आक्रमण करके 1700 से अधिक शीया कैडिटों की सामूहिक हत्या कर दी थी।