2 सितंबर 2014 - 16:40
दाइश का अंतिम समय अब आ गया है।

इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी मालेकी ने आतंकियों के नाकेबंदी से आज़ाद हुए आमेरली शहर का दौरा करने के बाद कहा कि इराक़ दाइश और आतंकवादियों का क़ब्रिस्तान बन जाएगा।

अबनाः इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी मालेकी ने आतंकियों के नाकेबंदी से आज़ाद हुए आमेरली शहर का दौरा करने के बाद कहा कि इराक़ दाइश और आतंकवादियों का क़ब्रिस्तान बन जाएगा।
नूरी मालेकी ने आमेरली के दौरे के दौरान सेना और स्वयंसेवी बलों के प्रयासों की ओर संकेत करते हुए कहा कि आमेरली की जनता के प्रतिरोध ने करबला की हृदय विदारक घटना की याद दिला दी है। उनका कहना था कि आमेरली की जनता ने तकफ़ीरी आतंकवादियों के आक्रमण के समक्ष डटकर उनके समस्त षड्यंत्रों पर पानी फेर दिया। मालेकी का कहना था कि सरकार इस क्षेत्र में खाद्य और सहायता सामग्री तथा दवाएं भेजेगी। उन्होंने नगर की रक्षा के लिए आमेरली के युवाओं को मिलाकर जनसेना बनाने पर बल दिया ताकि इस नगर में भविष्य में फिर कभी आतंकी पलट न सकें।
नूरी मालेकी ने कहा कि आमेरली की सफलता, पूरे देश से आतंकवादियों को खदेड़ने और इराक़ को आतंकवाद से मुक्त कराने का पहला चरण है। उनका कहना था कि इस कार्यवाही के बाद इराक़ दाइश का क़ब्रिस्तान बन जाएगा क्योंकि सारे इराक़ी देश से आतंकवादियों को खड़ने और उनका सफ़ाया करने के लिए एकजुट हो चुके हैं।