2 सितंबर 2014 - 15:38
इराक़ मेें फ़ौज को बड़ी सफ़लता, आतंकवादियों के पैर उखड़े।

इराक़ की सेना ने सुलैमान बेक नगर को आतंकवादियों से मुक्त करा लिया है।

अबनाः इराक़ की सेना ने सुलैमान बेक नगर को आतंकवादियों से मुक्त करा लिया है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार इराक़ी सेना ने कुर्द मिलीशिया पीशमर्गे के साथ मिल कर सुलैमान बेक नगर पर आक्रमण किया और उसे आतंकियों के क़ब्ज़े से छुड़ा लिया। आईएस ने करकूक प्रांत में स्थित इस नगर पर 11 सप्ताह पहले क़ब्ज़ा कर लिया था। इराक़ी सेना इससे पहले सोमवार को, आमेरली नगर की घेराबंदी समाप्त करवाने में भी सफल हुई थी।
इस बीच इराक़ी सेना ने तिकरीत नगर को आतंकवादियों से मुक्त कराने के लिए कार्यवाही आरंभ कर दी है। अलअरबिया टीवी चैनल ने अपने एक रिपोर्ट में बताया है कि इराक़ी सेना ने तिकरीत नगर को आतंकियों से छुड़ाने के लिए अपना अभियान आरंभ कर दिया है।
उधर नैनवा प्रांत के सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि आईएस के आतंकवादी मूसिल नगर से फ़रार हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार आतंकवादी प्रायः मूसिल की सड़कों पर घूमते रहते थे और स्थानी बाज़ारों में उनके अड्डे थे किंतु अब बहुत कम आतंकदी मूसिल सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं जिससे पता चलता है कि वे नैनवा व सलाहुद्दीन प्रांतों को छोड़ कर सीरिया विशेष रूप से रिक़्क़ा नगर की ओर पलायन कर रहे हैं।