29 अगस्त 2014 - 10:40
परमाणु मुद्दे पर ईरान व रूस के बीच बातचीत।

विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ ने अपने रूसी समकक्ष सिर्गेई लावरोफ़ से बातचीत में ईरान के परमाणु मामले को बातचीत के मुख्य विषयों में बताया है।

अबनाः विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ ने अपने रूसी समकक्ष सिर्गेई लावरोफ़ से बातचीत में ईरान के परमाणु मामले को बातचीत के मुख्य विषयों में बताया है।
शुक्रवार तड़के मास्को हवाई अड्डे पहुंचने पर ईरानी विदेश मंत्री ने पत्रकारों को बताया कि रूस के अपने एकदिवसीय दौरे में वह अपने रूसी समकक्ष सिर्गेई लावरोफ़ से विभिन्न क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत करेंगे और ईरान के परमाणु विषय से संबंधित मामला इस बातचीत के मुख्य विषयों में शामिल है। उन्होंने कहा कि ईरान ने राष्ट्रपति हसन रुहानी के चयन के बाद से रूस के साथ पड़ोसी देश के नाते तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ईरान के साथ संयुक्त दृष्टिकोण रखने के दृष्टिगत स्ट्रेटिजिक संबंधों में विस्तार की नीति अपनायी है।
मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने कहा कि तेहरान-मास्को के बीच उल्लेखनीय सहयोग है जो विस्तृत हो रहा है क्योंकि दोनों देशों के बीच नए परमाणु बिजली घरों के निर्माण तथा परमाणु सहयोग के बारे में द्विपक्षीय बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक व ऊर्जा सहित सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंध बढ़ रहे हैं और हालिया महीनों में द्विपक्षीय संबंधों में इसे अधिक स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
ईरानी विदेश मंत्री ने कहा कि क्षेत्र का विषय भी बातचीत का एक अन्य मुद्दा है कि इस संदर्भ में ईरान-रूस के दृष्टिकोण एक दूसरे से काफ़ी निकट हैं क्योंकि क्षेत्र को चरमपंथ और आतंकवादी गुट आईएसआईएस के ख़तरे का सामना है और इराक़, सीरिया और अफ़ग़ानिस्तान के हालात के संबंध में मास्को-तेहरान संयुक्त दृष्टिकोण रखते हैं।