अबनाः उत्तरी इराक़ में आतंकवादी गुट दाइश जर्नलिस्ट सहित मीडिया से जुड़े अन्य लोगों को यातनाएं दे रहा है।
समाचार एजेंसी बुरासा ने जानकार सूत्रों के हवाले से इराक़ के सलाहुद्दीन और मूसेल सूबों में दाइश के आतंकवादियों द्वारा जर्नलिस्ट को दी जा रही यातनाओं की ओर इशारा करते हुए कहा है कि प्रेस फ़्रीडम वाच के पास मौजूद जानकारी के अनुसार दाइश की ओर से जारी बयान में इस गुट ने अपने सदस्यों को इन सूबों में उसके अपराधों की वास्तविकता को सार्वजनिक करने के आरोप में मीडिया कर्मियों की हत्या और उनकी संपत्ति ज़ब्त करने का आदेश दिया है।
प्रेस फ़्रीडम वाच ने मूसेल और सलाहुद्दीन सूबे में मीडिया कर्मियों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि ये आतंकवादी जर्नलिस्ट को पकड़ने और उन्हें यातना देने के अतिरिक्त उनके घर को ध्वस्त तथा उनकी संपत्ति भी ज़ब्त कर रहे हैं। इससे पहले दाइश के आतंकवादियों ने अत्तग़यीर टीवी चैनल के पत्रकार हेशाम अलहरबावी द्वारा दाइश के अपराधों से संबंधित रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया में उन्हें उत्तरी मूसेल में पकड़ लिया और यातनाएं दीं।
कुछ दिन पहले तकफ़ीरी आतंकवादियों ने अलमूसलिया टीवी चैनल के उद्घोषक जमाल अलमिस्री, उनकी बड़ी बेटी मीसलून अलजवादी जो इस टीवी चैनल में उद्घोषिका हैं और अहमद ख़लफ़ अद्दुलैमी को सलाहुद्दीन सूबे में पकड़ लिया।
इससे पहले दाइश ने अमरीकी पत्रकार जेम्ज़ फ़ोली की बर्बरतापूर्ण हत्या का वीडियो जारी किया था।
26 अगस्त 2014 - 17:27
समाचार कोड: 633680
उत्तरी इराक़ में आतंकवादी गुट दाइश जर्नलिस्ट सहित मीडिया से जुड़े अन्य लोगों को यातनाएं दे रहा है।