22 अगस्त 2014 - 19:23
इटलीः दाइश से पूरी दुनिया को ख़तरा है।

इटली की विदेशमंत्री ने दाइश को एक क्रूर और ख़तरनाक संगठन बताया है। उन्होंने कहा है कि दुनिया का कोई भी देश इस आतंकवादी संगठन के ख़तरे से सुरक्षित नहीं है।

अबनाः इटली की विदेशमंत्री ने दाइश को एक क्रूर और ख़तरनाक संगठन बताया है। उन्होंने कहा है कि दुनिया का कोई भी देश इस आतंकवादी संगठन के ख़तरे से सुरक्षित नहीं है। फेड्रिका मोग्रेनी ने गुरूवार को अपने एक इंटरव्यू में योरोपीय देशों से दाइश के संदर्भ में प्रतिक्रियाएं व्यक्त करने का आह्वान करते हुए कहा है कि दाइश, इस्लाम और पश्चिम के बीच टकराव की कोशिश कर रहा है हालांकि उसका इस्लाम से कोई लेना-देना नहीं है।
इटली की विदेशमंत्री ने कहा कि दाइश एक आतंकवादी संगठन है जो अपने लक्ष्यों के लिए धर्म का प्रयोग करता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम और मुसलमानों को उनके विरुद्ध एकजुट हो जाना चाहिए जो ऐज़दियों, ईसाइयों और मुसलमानों को तबाह करना चाहते हैं।
उन्होंने इस बात का उल्लेख करते हुए कि दुनिया का कोई भी देश दाइश के ख़तरों से सुरक्षित नहीं है कहा कि यह कुख्यात संगठन पश्चिम में भी भर्ती का अभियान चलाए हुए है। ऐसे में पश्चिम को अवश्य अपनी प्रतिक्रिया देनी चाहिए।
इटली के विदेशमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में हम ईरान सहित क्षेत्र के देशों के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लीबिया, सीरिया और इराक़ संकटों से अलग-अलग ढंग से नहीं निबटा जा सकता। इटली के विदेशमंत्री का कहना था कि एसे में क्षेत्र के सब देशों को साथ लेकर चलना होगा।
उन्होंने कहा कि इटली, योरोप में प्रभावी भूमिका निभा सकता है और क्षेत्रीय देशों से भी उसके अच्छे संबन्ध हैं। इटली के विदेशमंत्री का कहना था कि वर्तमान समय की आवश्यकता निर्दोष लोगों को आतंकवादियों से सुरक्षित रखना है जिसके लिए व्यापक कार्यक्रम बनाना होगा।