16 अगस्त 2014 - 04:27
हमास ने की ईरानी समर्थन की सराहना।

फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के वरिष्ठ सदस्य ने फ़िलिस्तीनी प्रतिरोध को ईरान के समर्थन की सराहना की।

अबनाः फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के वरिष्ठ सदस्य ने फ़िलिस्तीनी प्रतिरोध को ईरान के समर्थन की सराहना की।
हमास के वरिष्ठ सदस्य इस्माईल रिज़वान ने गुरुवार को अलमयादीन टीवी चैनल से बातचीत में ईरान, लेबनान और विश्व के उन सभी स्वतंत्रताप्रेमियों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने फ़िलिस्तीनी प्रतिरोध का समर्थन किया। उन्होंने बल दिया कि प्रतिरोध अच्छी स्थिति में है और फ़िलिस्तीनी बंदियों को रिहा कराने सहित अपनी सभी मांगों को पूरी कराने की क्षमता रखता है।
इस्माईल रिज़वान ने क़ाहेरा वार्ता के बारे में कहा कि ज़ायोनी शासन के जवाब से फ़िलिस्तीनी राष्ट्र की सबसे छोटी इच्छा भी पूरी नहीं होगी इसलिए यह नहीं कहा जा सकता कि क़ाहेरा में विशेष प्रगति हुई है।
इस्माईल रिज़वान ने इस बात का उल्लेख करते हुए कि ज़ायोनी शासन वार्ता के ज़रिए उस परिणाम तक पहुंचना चाहता है जिस तक वह व्यवहार में नहीं पहुंच सका था कहा, कि इस्राईल फ़िलिस्तीनी गुटों की सहमति से ग़ज़्ज़ा की नाकाबंदी जारी रखना चाहता है जो असंभव है। उन्होंने कहा कि प्रतिरोध के सामने सभी विकल्प मौजूद हैं और प्रतिरोध तथा सैन्य शाखा के बीच पूरी तरह समन्वय पाया जाता है।
ज्ञात रहे कि ग़ज़्ज़ा पर इस्राईल के 8 जुलाई से शुरु हुए बर्बरतापूर्ण हमलों में 1950 से ज़्यादा फ़िलिस्तीनी शहीद और 10000 से अधिक घायल हुए हैं।