अबनाः इराक़ का असहाय ईज़दी समुदाय अपनी लड़कियों को जान से मार देने की मांग कर रहा है। इराक़ में आतंकवादी संगठन आईएसआईएल के अत्याचारों और यातनाओं से ऊब चुके अल्पसंख्यक ईज़दी समुदाय के कुछ नेताओं ने कुर्द अधिकारियों से मांग की है कि वे उनकी लड़कियों की हत्या कर दें।
प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार ईज़दी समुदाय के गणमान्य लोगों ने कुर्द अधिकारियों से यह इच्छा व्यक्त की है कि इससे पहले कि हमारी लड़कियां आतंकवादी संगठन आईएसआईएस के हत्थे चढ़ें, वे उनकी हत्या कर दें। सब्क़ वेबसाईट ने रिपोर्ट दी है कि ईज़दी समुदाय के कुछ गणमान्य लोगों ने पीशमर्गा बलों से मांग की है कि वे मूसिल और तेलअफ़र के उन दो स्कूलों पर बमबारी कर दें जहां ईज़दी समुदाय की महिलाओं और लड़कियों को आईएसआईएल ने बंदी बनाकर रखा है।
आतंकवादी संगठन आईएसआईएल का कहना है कि उसने ईज़दी समुदाय की सैकड़ों लड़कियों और महिलाओं को सेन्जार से तेलअफ़र और मूसिल स्थानांतरित कर दिया है। आईएसआईएल के आतंकी, ईज़दी या यज़ीदी समुदाय की अपहृत महिलाओं को दासी और युद्ध में पाया हुआ माल समझते हैं।
सेन्जार क्षेत्र से कुर्द सैनिकों के एकदम से पीछे हटने के बाद आईएसआईएल ने इस नगर पर क़ब्ज़ा कर लिया था। इस नगर पर क़ब्ज़े के दौरान बहुत से आम नागरिक आईएसआईएल के हमले में मारे गये थे। ईज़दी समुदाय के नेताओं का कहना है कि वे प्राथमिकता देते हैं कि उनकी महिलाएं और लड़कियां आईएसआईएल के हत्थे चढ़ने से पहले मार दी जाएं।
इसी मध्य बीबीसी रेडियो ने टाइम्स समाचारपत्र की रिपोर्ट की ओर संकेत करते हुए कहा कि उत्तरी इराक़ से अपहृत ईज़दी समुदाय की सैकड़ों महिलाओं और लड़कियों के बारे में कुछ भी पता नहीं है। कुर्दिस्तान की गुप्तचर सेवा के हवाले से टाइम्स ने रिपोर्ट दी है कि हज़ारों इराक़ी महिलाओं और लड़कियों का अपहरण किया जा चुका है और उन्हें मानव तस्करों के हाथों दासी के रूप में बेचा जा चुका है। वर्तमान समय में वे आतंकवादियों के क़ब्ज़े में हैं।
कुर्दिस्तान की गुप्तचर सेवा के अधिकारी का कहना है कि उनके पास इस बात की पुष्ट सूचनाएं हैं कि इन महिलाओं और लड़कियों को पांच सौ डालर से तीन हज़ार डालर की क़ीमत पर मानव तस्करों के हाथों बेचा जा रहा है। टाइम्ज़ समाचारपत्र का यह मानना है कि आतंकवादी संगठन आईएसआईएल ने सेन्जार से कम से कम 1200 और इराक़ के अन्य क्षेत्रों से हज़ारों महिलाओं तथा लड़कियों का अपहरण किया है। ज्ञात रहे कि आतंकवादी गुट आईएसआईएल ने इन महिलाओं और लड़कियों को अस्थाई रूप से मूसिल और तेलअफ़र में रख छोड़ा है।
16 अगस्त 2014 - 04:23
समाचार कोड: 631372
इराक़ में आतंकवादी संगठन आईएसआईएल के अत्याचारों और यातनाओं से ऊब चुके अल्पसंख्यक ईज़दी समुदाय के कुछ नेताओं ने कुर्द अधिकारियों से मांग की है कि वे उनकी लड़कियों की हत्या कर दें।