14 अगस्त 2014 - 12:56
इस्राईल व हमास के बीच पांच दिनों के संघर्ष विराम पर सहमति।

इस्राइली और फ़िलिस्तीनी वार्ताकार ग़ज़्ज़ा में संघर्ष विराम की अवधि को पांच दिन और बढ़ाने पर सहमत हो गये हैं।

अबनाः इस्राइली और फ़िलिस्तीनी वार्ताकार ग़ज़्ज़ा में संघर्ष विराम की अवधि को पांच दिन और बढ़ाने पर सहमत हो गये हैं। मिस्र की राजधानी क़ाहिरा में फ़िलिस्तीनी वार्ताकार टीम के प्रमुख एज़ाम अल अहमद ने कहा कि फ़िलिस्तीनी गुटों के प्रतिनिधि और इस्राईली प्रतिनिधि ग़ज़्ज़ा में संघर्ष विराम की अवधि को पांच दिन और बढ़ाने पर सहमत हो गये हैं ताकि ग़ज़्ज़ा जंग की समाप्ति के लिए स्थाई संघर्ष विराम पर सहमति हो सके।
इससे पूर्व दोनों पक्षों के मध्य दो बार 72 घंटे के संघर्ष विराम पर सहमति हो चुकी है। एज़ाम अल अहमद ने कहा कि वार्ता के दौरान बहुत से महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर प्रगति हुई और सहमति हो गयी है लेकिन अभी भी बहुत से मुद्दों पर मतभेद पाये जाते हैं। फ़िलिस्तीनी प्रतिनिधि मंडल आज रामल्लाह जाएगा ताकि फ़िलिस्तीनी प्रशासन के प्रमुख महमूद अब्बास को वार्ता में होने वाली प्रगति से अवगत करा सके।
मिस्र की राजधानी क़ाहिरा में इस्राईली और फ़िलिस्तीनी प्रतिनिधि मंडल ग़ज़्ज़ा में स्थाई संघर्ष विराम का हल निकालने के लिए कई दिनों से मिस्र की मध्यस्थता से अपरोक्ष वार्ता कर रहे हैं। ग़ौरतलब है कि ज़ायोनी सैनिकों ने ग़ज़्ज़ा पर आठ जुलाई से व्यापक हमले शुरू कर दिए थे जिनमें अब तक 1951 फ़िलिस्तीनी शहीद और 10200 घायल हो चुके हैं।
फ़िलिस्तीन के आर्थिक मामलों के मंत्री के अनुसार ग़ज़्ज़ा पर आठ जुलाई से शुरू होने वाले हवाई और ज़मीनी हमलों में अब तक चार से छह हज़ार अरब डालर का नुक़सान हो चुका है। इन हमलों में शहीद होने वालों में 464 बच्चे, 243 महिलाएं और 88 बूढ़े शामिल हैं।