अबनाः फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के एक कमान्डर ने कहा है कि हमास, इस्राईली शासन के साथ लंबी लड़ाई के लिए तैयार है।
हमास की सैन्य शाखा इज़ुद्दीन क़स्साम के एक कमान्डर अबू लैस ने लंदन से प्रकाशित होने वाली टाइम्स पत्रिका से बात करते हुए कहा कि हमास के पास हथियारों के भारी भंडार हैं और संघर्ष विराम के संबंध में होने वाली बातचीत की विफलता की स्थिति में हम ईस्राईल के साथ लंबी लड़ाई के लिए तैयार हैं।
उन्होंने यह बयान करते हुए कि अलक़स्साम ब्रिगेड ने ग़ज़्ज़ा युद्ध के दौरान केवल अपने दस प्रतिशत मोर्टार गोलों और मीज़ाइलों का प्रयोग किया, कहा कि हमास के प्रतिरोधकर्ता इस्राईल के नये नगरों को निशाना बनाने में सक्षम हैं जिनपर अभी तक हमले नहीं किए गये हैं। हमास के कमान्डर का कहना था कि जब तक ग़ज़्ज़ा पर हवाई, ज़मीनी और समुद्री हमले जारी रहेंगे, इस्राईल को हम सुख चैन की सांस नहीं लेने देंगे।
उधर इस्राईली बस्तियों के निवासी प्रतिरोधकर्ताओं की सुरंगों के भय से अपने घरों को लौटने से घबरा रहे हैं। इस्राईली समाचार पत्र येदीयूत अहारनूत ने अपने बृहस्पतिवार के संस्करण में लिखा कि इस्राईलियों को अपने राजनेताओं और सैन्य अधिकारियों के वचनों पर भरोसा नहीं है और फ़िलिस्तीनियों की ओर से फ़ायर किए जाने वाले मीज़ाइलों ने पूरे इस्राईल को भयभीत कर दिया है।
एक आंकड़े के अनुसार लगभग 31 प्रतिशत इस्राईली अनिंद्रा का शिकार हो गये हैं।
8 अगस्त 2014 - 01:50
समाचार कोड: 629699
फ़िलिस्तीन के इस्लामी प्रतिरोध आंदोलन हमास के एक कमान्डर ने कहा है कि हमास, इस्राईली शासन के साथ लंबी लड़ाई के लिए तैयार है।