8 अगस्त 2014 - 01:31
अमरीका व इस्राईल के बीच तनाव बढ़ा।

इस्राईली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार अमरीका और इस्राईल के बीच संबंधों में तनाव अपनी चरम सीमा पर पहुंच गया है।

अबनाः इस्राईली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार अमरीका और इस्राईल के बीच संबंधों में तनाव अपनी चरम सीमा पर पहुंच गया है।
इस्राईल के टीवी चैनल-10 ने रिपोर्ट दी है कि प्रधानमंत्री बिनयामिन नेतन याहू ने पिछले रविवार को अमरीकी विदेशमंत्री जान कैरी के टेलीफ़ोन को ग़ुस्से में बीच ही में काट दिया था और उसके बाद से दोनों नेताओं के बीच अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है।
तेल अवीव के राजनैतिक स्रूत्रों के अनुसार बिन यामिन नेतन याहू ने बहुत ग़ुस्से में अमरीकी विदेशमंत्री जान कैरी के उस सुझाव को रद्द कर दिया जिसमें इस्राईली सरकार से क़तर-तुर्की प्रस्ताव की समीक्षा करने की मांग की गयी थी।
बिन यामिन नेतन याहू का कहना था कि ग़ज़्ज़ा में स्थाई संघर्ष विराम के लिए मिस्र द्वारा पेश किया गया सुझाव ही उपयोगी साबित हो सकता है। इसी बीच अमरीकी विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने भी यह बात मानी है कि जान कैरी और नेतन याहू के बीच टेलीफ़ोनिक बातचीत के बीच में ही टेलीफ़ोन कट गया। प्रवक्ता का कहना था कि शायद तकनीकी ख़राबी के कारण टेलीफ़ोन कट गया था।