8 अगस्त 2014 - 01:27
हमास शर्तें पूरी न होने पर संघर्ष विराम में विस्तार नहीं करेगा।

हमास के नेता ने कहा है कि अगर इस्राईल ने उसकी मांगें पूरी नहीं की तो तक संघर्ष विराम आगे नहीं बढ़ेगा।

अबनाः हमास के नेता ने कहा है कि अगर इस्राईल ने उसकी मांगें पूरी नहीं की तो तक संघर्ष विराम आगे नहीं बढ़ेगा।
हमास के नेता इस्माईल रिज़वान ने कहा, “ संघर्ष विराम आगे नहीं बढ़ेगा। बिना वास्तविक उपलब्धि के यह आगे नहीं बढ़ेगा। अभी तक हमास की मांग का कोई जवाब नहीं मिला है जिसका मतलब है कि इस संदर्भ में कोई प्रगति नहीं हुई है।”
मिस्र की मध्यस्थता से 72 घंटे का संघर्ष विराम मंगलवार को अमल में आया। जिसके तहत चार हफ़्तों की लड़ाई और इस्राईल द्वारा भीषण बमबारी के बाद ग़ज़्ज़ावासियों तक राहत सामग्री पहुंची। इस्राइली मीडिया के अनुसार इस्राईली अधिकारी 72 घंटे के संघर्ष विराम में और भी 72 घंटे का विस्तार करने पर सहमत हुए है। इस्राईल ग़ज़्ज़ा पट्टी के प्रतिरोधक संगठनों को निशस्त्र कर दिए जाने की मांग कर रहा है। उधर हमास ग़ज़्ज़ा की सात वर्षों से जारी नाकाबंदी की समाप्ति और फ़िलिस्तीनी बंदियों की रिहाई की मांग कर रहा है।
बुधवार को इस्राईली प्रधान मंत्री बिनयामिन नेतनयाहू ने ग़ज़्ज़ा पर इस्राईल के चार हफ़्तों तक हमलों का बचाव करते हुए ग़ज़्ज़ा में जानी नुक़सान के लिए हमास को ज़िम्मेदार ठहराया। नेतनयाहू का यह बयान ऐसे समय आया है जब संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा है कि ग़ज़्ज़ा में मौत से पूरे विश्व को सदमा पहुंचा और पूरा विश्व लज्जित हुआ है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने ग़ज़्ज़ा में संयुक्त राष्ट्र के प्रतिष्ठानों पर इस्राईल की बमबारी की जांच की मांग की है।