अबनाः लेबनान के सीमावर्ती क्षेत्र अरसाल में संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए आतंकवादी गुट आईएसआईएल ने लेबनान की सेना पर आक्रमण कर दिया।
लेबनान की सेना की ओर से युद्ध विराम की घोषणा के पश्चात आईएसआईएल के कुछ कुख्यात आतंकवादी सरग़नों ने लेबनान के अरसाल क्षेत्र में जानबूझकर रुकावटें खड़ी कर दीं। यह आतंकवादी नगर वासियों को निकालने नहीं दे रहे हैं। आईएसआईएल की ओर से संघर्ष विराम के उल्लंघन के पश्चात लेबनान की सेना ने अर्रअयान क्षेत्र पर बमबारी की। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अरसाल के रासुसेराज क्षेत्र में लेबनान की सेना और आईएसआईएल के आतंकवादियों के बीच गंभीर झड़पें चल रही हैं। इसी बीच रिपोर्ट मिली है कि अरसाल में आईएसआईएल का एक कुख्यात आतंकवादी अबूहसन अलहुम्सी जो, बम बनाने का विशेषज्ञ है, अपने कई साथियों के साथ लेबनान की सेना की कार्यवाही में मारा गया।
इसी बीच हिज़बुल्लाह ने एक बयान जारी करके घोषणा की है कि उसने अरसाल क्षेत्र में कोई हस्तक्षेप नहीं किया है। इस बयान में अरसाल में लेबनान की सेना की कार्यवाही की सराहना की गई है।
दूसरी ओर ईरान ने लेबनान के सीमावर्ती क्षेत्र अरसाल में आतंकवादियों की हालिया कार्यवाही की कड़े शब्दों में निंदा की है। ज्ञात रहे कि लेबनान की सेना इस देश सीमावर्ती क्षेत्र अरसाल में इस सप्ताह के आरंभ से आतंकवादियों के साथ झड़पों में व्यस्त है। इन झड़पों में 16 लेबनानी सैनिक शहीद और 22 लापता हो गए हैं।
इसी बीच लेबनान के गृहमंत्री ने कहा है कि देश की सेना के मुक़ाबले में आतंकवादियों की स्थिति बहुत कमज़ोर है। नेहाद अलमशनूक़ ने कहा कि सशस्त्र आतंकवादी यदि झड़पों को आगे बढ़ाने के इच्छुक नहीं है तो झड़पें रुक भी सकती हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वी लेबनान के अरसाल नगर की स्थिति बताती है कि आतंकवादियों ने झड़प को भी विकल्प के रूप में चुना है किंतु उन्हें अब ज्ञात हो चुका है कि लेबनान की सेना के साथ संघर्ष उतना आसान भी नहीं है जितना उन्होंने सोच रखा था।
7 अगस्त 2014 - 15:24
समाचार कोड: 629620
लेबनान के सीमावर्ती क्षेत्र अरसाल में संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए आतंकवादी गुट आईएसआईएल ने लेबनान की सेना पर आक्रमण कर दिया।