6 अगस्त 2014 - 11:50
स्पेन में दो आतंकवादी युवा लड़कियां गिरफ्तार।

स्पेन पुलिस ने दो युवा लड़कियों को इराक़ और सीरिया में आतंकवादी गतिविधियां अंजाम देने वाले जेहादियों के साथ शामिल होने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

अहलेबैत समाचार एजेंसी अबनाः स्पेन पुलिस ने दो युवा लड़कियों को इराक़ और सीरिया में आतंकवादी गतिविधियां अंजाम देने वाले जेहादियों के साथ शामिल होने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
स्पेनिश सरकार ने सोमवार को जारी एक बयान में बताया कि सुरक्षा बलों ने इन दोनों लड़कियों को शनिवार को मोरक्को जाने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया इनमें से एक की उम्र चौदह साल और दूसरी लड़की उन्नीस साल की है। वह इराक़ और सीरिया में लड़ रहे वहाबी आतंकवादी गुट दाइश में शामिल होना चाहती थीं। इस आतंकवादी ग्रुप ने इराक़ और सीरिया के एक बड़े इलाक़े पर कब्जा करके अपनी हुकूमत का ऐलान कर रखा है।
स्पेनिश गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि स्पेन में जिहाद के लिए भर्ती की गई इन दोनों लड़कियों की गिरफ्तारी एक अद्वितीय घटना है। इनमें से कमसिन लड़की की पहचान जाहिर नहीं की गई है और बड़ी उम्र वाली लड़की का नाम फोज़िया इलाल मोहम्मद बताया गया है, यह दोनों स्पेनिश नागरिक हैं।
स्पेनिश अधिकारियों द्वारा जारी वीडियो फुटेज में दोनों लड़कियों ने काले नकाब ओढ़ रखे हैं और एक छोटे विमान से सुरक्षा कर्मियों के अंडर में ले जाया जा रहा है। इन दोनों को स्पेन के सीमा इलाक़े मलीला में बनी अंज़ार बॉर्डर क्रासिंग से गिरफ्तार किया गया था। मलीला और स्पेन के एक और शहर सियोटा की मोरक्को के साथ सीमा मिलती है।
गृह मंत्रालय के बयान के अनुसार यह दोनों लड़कियां मोरक्को के सीमा इलाक़े में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थीं। वहां से जेहादियों के नेटवर्क के माध्यम से उन्हें सीरिया और इराक़ के बीच स्थित अशांत इलाक़े में स्थानांतरित कर दिया जाना था जहां वह तथाकथित इस्लामी आतंकवादी संगठन में शामिल हो जातीं।
हुकूमत का कहना है कि दाइश अपनी जेहादी वेबसाइटों के माध्यम से विदेशियों को जिहाद के लिए भर्ती होने की प्रेरणा दे रहा है और जो लोग इस रैंक में शामिल हो जाते हैं, उन्हें इराक़ और सीरिया के जंगी इलाक़ों में स्थानांतरित करने के लिए लाजिस्टेक्स प्रबंध किए जाते हैं।
बयान में कहा गया है कि “इन दोनों लड़कियों को बहकाने, उनकी भर्ती करने और फिर उन्हें जिहाद के लिए रवाना किए जाने की सभी प्रक्रियाओं की योजना, उत्तरी अफ्रीका में सक्रिय नेटवर्क ने बनाई थी। इस नेटवर्क का बड़ा उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को भर्ती कर लड़ाई के लिए सीरिया और इराक़ भेजना है और वह हर प्रकार के लोगों को जेहादी आतंकी समूहों के लिए भर्ती कर रहा है।
स्पेनिश सरकार को आशंका है कि जेहाद के लिए सीरिया और इराक़ जाने वाले आतंकवादी वहां से वापस आकर गड़बड़ी व अशांति का कारण बन सकते हैं। स्पेनिश सुरक्षा बलों ने इस साल जिहाद के लिए लोगों को भर्ती करने वाले गुटों को पकड़ने के लिए तीन छापामार कार्रवाईयां की थीं और बीस से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।
याद रहे कि स्पेन में इस वर्ष 11 मार्च 2004 को अलकायदा से प्रभावित आतंकवादियों के हाथों चार यात्री ट्रेनों में बम हमलों की दसवीं बरसी मनाई गई इन ट्रेन बम धमाकों में 191 लोग मारे गए थे। आतंकवाद की इस घटना के बाद से स्पेन में अब तक 470 से अधिक संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।