2 अगस्त 2014 - 19:02
इस्राईल के अत्याचारों पर विश्व समुदाय का मौन आलोचनीय।

तेहरान की नमाज़े जुमा के इमाम ने कहा है कि इस्राईल को जवाबी कार्यवाही की प्रतीक्षा में रहना चाहिए।

अबनाः तेहरान की नमाज़े जुमा के इमाम ने कहा है कि इस्राईल को जवाबी कार्यवाही की प्रतीक्षा में रहना चाहिए। आयतुल्लाह मुहम्मद अली मोवह्हेदी किरमानी ने जुमे की नमाज़ के ख़ुत्बों में ग़ज़्ज़ा में इस्राईल के हमला की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह अवैध शासन, अमरीका के खुले समर्थन से फ़िलिस्तीनियों के विरुद्ध व्यापक स्तर पर अत्याचार कर रहा है।
तेहरान के इमामे जुमा ने कहा कि मीडिया को ग़ज़्ज़ा में इस्राईल के अत्याचारों को प्रतिबिंबित करना चाहिए ताकि विश्ववासियों को ज्ञात हो कि इस्राईल ग़ज़्ज़ा में क्या कर रहा है? उन्होंने कहा कि वास्तव में इस्राईल का आधार ही हिंसा और अत्याचार पर रखा गया है।
आयतुल्लाह मोवह्हेदी किरमानी ने ग़ज़्ज़ा में इस्राईल के अत्याचारों पर विश्व समुदाय के मौन की आलोचना की। उन्होंने इस्राईल तथा अमरीका सहित उसके समस्त समर्थकों से संबन्ध विच्छेद और उनके विरुद्ध आर्थिक प्रतिबंधो की मांग की है।
फ़िलिस्तीनियों के जनसंहार के लिए अमरीका की ओर से इस्राईल को शस्त्रों की सहायता के संदर्भ में आयतुल्लाह किरमानी ने कहा कि विश्व में इसके विरुद्ध कड़ी प्रतिक्रिया होगी जिसका परिणाम इस शासन का अंत है।