25 जुलाई 2014 - 14:44
ईरानी राष्ट्रपति ने इराक़ के नये राष्ट्रपति को बधाई दी।

राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने इराक़ में नये राष्ट्रपति के रूप में फ़ुआद मासूम के चयन पर उन्हें बधाई दी है।

राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने इराक़ में नये राष्ट्रपति के रूप में फ़ुआद मासूम के चयन पर उन्हें बधाई दी है।
डाक्टर हसन रूहानी ने अपने बधाई संदेश में फ़ुआद मासूम के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी सफलता की कामना की। राष्ट्रपति के बधाई संदेश में इराक़ की वर्तमान स्थिति में इस देश के अधिकारियों और जनता की ओर से राजनैतिक प्रक्रिया और लोकतंत्र के विस्तार तथा आतंकवाद के मुद्दे पर विशेष रूप से ध्यान दिए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया है।
डाक्टर हसन रूहानी ने अपने बधाई संदेश में कहा कि इराक़ में शांति व स्थिरता और जनता के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना, ईरान की दृष्टि में महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है और तेहरान, एकजुट व अखंड इराक़ के लिए अपना समर्थन जारी रखेगा। इराक़ में सत्ता में भागीदारी की सहमति के अनुसार राष्ट्रपति का पद कुर्दों को मिलता है।
फ़ुआद मासूम 1992 में इराक़ के अर्धस्वायत्त कुर्दिस्तान के पहले प्रधान मंत्री बने थे। फ़ुआद मासूम को अपने प्रतिद्वंद्वी बरहम सालेह की तुलना में कुर्द सांसदो के अधिक मत प्राप्त हुए। फ़ुआद मासूम ने पूर्व राष्ट्रपति जलाल तालेबानी का स्थान लिया। मासूम, तालेबानी की पेट्रियाटिक यूनियन आफ़ कुर्दिस्तान पी यू के (P U K) पार्टी के सदस्य भी हैं।
ज्ञात रहे कि 76 वर्षीय इराक़ी कुर्द नेता फ़ुआद मासूम, इराक़ी संसद में 211 सांसदों के समर्थन से बृहस्पतिवार को इराक़ के नये राष्ट्रपति के रूप में चुने गये। इससे पूर्व फ़ुआद मासूम ने इराकी संसद में नये राष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण की। रिपोर्टों के अनुसार इराक़ का नया राष्ट्रपति बन जाने से इस देश में नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। १५ दिनों के भीतर इराक़ के नये राष्ट्रपति अगले प्रधानमंत्री के नाम को पेश करेंगे।