24 जुलाई 2014 - 17:19
फ़िलिस्तीनियों ने 8 इस्राईली सैनिकों को मार गिराया।

हमास की सैन्य शाखा इज़्ज़ुद्दीन क़स्साम ब्रिगेड के संघर्षकर्ताओं ने ग़ज़्ज़ा के पूर्वी क्षेत्र तुफ़्फ़ाह में आठ इस्राइली सैनिकों को मार गिराया।

हमास की सैन्य शाखा इज़्ज़ुद्दीन क़स्साम ब्रिगेड के संघर्षकर्ताओं ने ग़ज़्ज़ा के पूर्वी क्षेत्र तुफ़्फ़ाह में आठ इस्राइली सैनिकों को मार गिराया।
समाचार एजेंसी सफ़ा के अनुसार इज़्ज़ुद्दीन क़स्साम के संघर्षकर्ताओं ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि एक संघर्षकर्ता तुफ़्फ़ाह क्षेत्र में ज़ायोनी सैनिकों की फ़्रंट लाईन पर पहुचने में सफल हुआ और उसने आठ इस्राइली सैनिकों को मारने के अतिरिक्त एक बक्तरबंद वाहन भी ध्वस्त कर दिया।
इज़्ज़ुद्दीन क़स्साम ब्रिगेड ने इसी प्रकार बताया कि इस ब्रिगेड की एक टुकड़ी ने कसूफ़ीम क्षेत्र में इस्राइली सेना के युद्ध उपकरण पर हमला किया और उसके सैनिक वाहन के मार्ग में दो बम धमाके किए जिसमें कई इस्राइली हताहत या घायल हुए हैं। फ़िलिस्तीन स्वतंत्रता मोर्चा की सैन्य शाखा अबु अली मुस्तफ़ा ब्रिगेड ने भी बताया कि उसके स्नाइपरों ने जबालिया शहर के अद्दाऊर क्षेत्र में एक इस्राइली सैनिक को मार गिराया।
इस बीच इस्राइली सेना ने बुधवार की रात बताया कि एक सैन्य अधिकारी और दो पैराट्रूपर, ग़ज़्ज़ा के दक्षिण में स्थित ख़ान यूनुस में मारे गए। ज़ायोनी राहत संस्था ने भी गुरुवार को तेल अवीव और उसके आस-पास के क्षेत्रों में राकेट गिरने से नौ लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।
इस्राइली समाचार पत्र जेरुसलम पोस्ट ने लिखा कि तेल अविव, रामात गान, बनी बराक, जेफ़आत शमूईल, हर्ट्ज़ेलिया, और यहूद सहित सभी केन्द्रीय शहरों में साइरन की आवाज़ें सुनाई दे रही है।
दूसरी ओर अलअक़्सा टीवी चैनल ने रिपोर्ट दी है कि उत्तरी ग़ज़्ज़ा के बैते हानून में संयुक्त राष्ट्र संघ की राहत एजेंसी आनरवा के एक स्कूल पर इस्राइली सेना की बमबारी में दस फ़िलिस्तीनी शहीद हुए। इस स्कूल में फ़िलिस्तीनी पनाह लिए हुए थे।