16 जुलाई 2014 - 15:45
इराक़ी फ़ौज ने 106 आतंकवादियों को मार गिराया।

इराक़ की सशस्त्र सेना के प्रवक्ता जनरल क़ासिम अता ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि दियाला, अंबार और बाबिल प्रांतों में सेना की कार्यवाही में 106 सशस्त्र आतंकवादी मारे गए जबकि कार्यवाही के दौरान दस वाहनों को नष्ट कर दिया गया।

इराक़ में सैन्य कार्यवाही के दौरान 106 आतंकवादी मारे गए हैं। अलआलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ की सशस्त्र सेना के प्रवक्ता जनरल क़ासिम अता ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि दियाला, अंबार और बाबिल प्रांतों में सेना की कार्यवाही में 106 सशस्त्र आतंकवादी मारे गए जबकि कार्यवाही के दौरान दस वाहनों को नष्ट कर दिया गया।
सेना के प्रवक्ता का कहना था कि सेना की विशेष टुकड़ी ने वायुसेना की मदद से पिछले 48 घंटों के दौरान अंबार प्रांत में आतंकवादियों के ठिकानों पर भीषण बमबारी की जिसमें 79 आईएसआईएल के आतंकवादी मारे गए। इस कार्यवाही में आतंकवादियों के छह वाहन भी नष्ट हुए।
जनरल क़ासिम अता का कहना था कि सेना की एक अन्य विशेष टुकड़ी ने दियाला में एक अभियान के दौरान 21 आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया जबकि इस अभियान में आतंकियों के तीन वाहन भी नष्ट हुए हैं। उन्होंने कहा कि सेना की इस कार्यवाही के दौरान क्षेत्र में आईएसआईएल का सरगना अबू अब्दुल्लाह अलअफ़ग़ानी भी मारा गया। उनका कहना था कि इसी तरह बाबिल प्रांत के अलरोविया क्षेत्र में सेना और क़बाईली जवानों की कार्यवाही में 6 आतंकवादी मारे गए और उनकी एक गाड़ी को नष्ट कर दिया गया।
उन्होंने सशस्त्र बलों के समर्थन के कारण देश के क़बाईलियों और स्वयंसेवी बल के जवानों का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि क़बाईलियों और स्वयंसेवी बलों की सहायता से कई क्षेत्रों को आतंकवादी संगठन के अस्तित्व से स्वतंत्र कर दिया गया है।