15 जुलाई 2014 - 18:49
ईरान और ग्रुप 5+1 के संबंध में मीडिया में आने वाली ख़बरें मात्र अटकलें।

यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रभारी कैथ्रिन एश्टन के प्रवक्ता ने वियना में ईरान और गुट पांच धन एक के बीच वार्ता के संबंध में मीडिया में आने वाली ख़बरों को अटकलें बताया है।

यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रभारी कैथ्रिन एश्टन के प्रवक्ता ने वियना में ईरान और गुट पांच धन एक के बीच वार्ता के संबंध में मीडिया में आने वाली ख़बरों को अटकलें बताया है।
माइकल मैन ने वियना मे परमाणु वार्ता के अवसर पर मंगलवार को अलआलम टीवी चैनल से विशेष बातचीत में बल दिया कि अमरीकी विदेश मंत्री जॉन केरी की वियना यात्रा, ईरानी विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ़ और कैथ्रिन एश्टन के बीच परमाणु वार्ता के आगे बढ़ने में सहायक हुई है। उन्होंने कहा कि मीडिया में पश्चिमी कूटनयिकों के हवाले से यूरेनियम संवर्धन के स्थगन और सेन्ट्रीफ़्यूज मशीनों की संख्या को लगभग 9400 तक सीमित करने से संबंधित समाचार, अटकलें हैं और वास्तविकता वार्ता के कमरे में सीमित है। मैन ने कहा कि ईरान और गुट पांच धन एक ऐसे समग्र परमाणु समझौते का संकल्प रखते हैं जिससे दोनों पक्ष राज़ी हों।
उन्होंने बीस जुलाई तक ईरान और गुट पांच धन एक के बीच व्यापक सहमति की संभावना के बारे में कहा कि यह एक कठिन काम है और इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। एश्टन के प्रवक्ता ने कहा कि यह बात स्पष्ट है कि गुट पांच धन एक मतभेदों को ख़त्म करने और सहमति की प्राप्ति का संकल्प रखता है।
माइकल मैन ने ईरान और गुट पांच धन एक के बीच वार्ता की अवधि बढ़ने की संभावना के बारे में कहा कि अभी छह दिन बाक़ी हैं इसलिए वार्ता पर ध्यान केन्द्रित होना चाहिए और दोनों पक्ष सबके हित में होने वाले परिणाम तक पहुंचना चाहते हैं।