15 जुलाई 2014 - 00:32
बोकोहराम ने किया दाइश आतंकवादी संगठन का खुला समर्थन।

नाईजीरिया में आतंकवादी गुट बोको हराम के प्रमुख ने एक वीडियो जारी करके इराक़ और सीरिया में बड़े पैमाने पर हिंसात्मक कार्यवाहियों में लिप्त तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल के समर्थन की घोषणा की है।

नाईजीरिया में आतंकवादी गुट बोको हराम के प्रमुख ने एक वीडियो जारी करके इराक़ और सीरिया में बड़े पैमाने पर हिंसात्मक कार्यवाहियों में लिप्त तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल के समर्थन की घोषणा की है।
एएफ़पी की रिपोर्ट के मुताबिक़, इस ख़ूंख़ार आतंकवादी गुट ने जून में नाईजीरिया में हुए भीषण धमाकों की ज़िम्मेदारी भी स्वीकार की है।
गुट की ओर से एएफ़पी को भेजे जाने वाले 16 मिनट के वीडियो में गुट के सरग़ना अबू बक्र शेकाउ ने इराक़ और सीरिया में तकफ़ीरी आतंकवादियों द्वारा निर्दोष लोगों के जनसंहार का समर्थन किया है।
शेकाउ ने आतंकवादी गुट अल-क़ायदा और तालिबान के सरग़नाओं को अपना भाई बताते हुए उन्हें संबोधित करते हुए कहा, अल्लाह आपको सुरक्षित रखे।
बोको हराम के मुखिया ने अफ़्रीक़ी देश नाईजीरिया में विभिन्न बम धमाकों की ज़िम्मेदारी लेते हुए कहा कि लागोस में कुछ ही घंटों पूर्व हुए बम धमाके का भी उसने ही आदेश दिया था।
हालांकि इससे पहले नाईजीरिया के अधिकारियों ने कहा था कि यह धमाका गैस लीक होने का कारण हुआ है।
बोको हराम ने कहा है कि “तुम कहते हो कि यह आग लगने की घटना है, ठीक है, तुम इसे लोगों से छिपा सकते हो लेकिन अल्लाह से नहीं छिप सकते।”
शेकाउ ने सोशल मीडिया पर जारी लोकप्रिय अभियान ‘Bring Back Our Girls’ या हमारी लड़कियों को वापस लाओ का भी मज़ाक़ उड़ाया। याद रहे कि अप्रैल में बोको हराम ने एक स्कूल से 200 से भी अधिक लड़कियों को अग़वा कर लिया था।
इस अभियान को यूनिसेफ़ समेत कई अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों के अलावा हिलेरी क्लिंटन और मिशेल ओबामा का भी समर्थन प्राप्त है।
इससे पहले आईएसआईएल ने टुविटर पर जारी इस अभियान के लिए मिशेल ओबामा के फ़ोटो का मज़ाक़ उड़ाया था।
आतंकवादियों ने फ़ोटो में परिवर्तन करते हुए इस नारे को यूं कर दिया #bringbackourhumvee यानी हमारे सैन्य वाहनों को वापस लाओ। आतंकवादियों का इशारा इराक़ के शहर मौसिल में सेना से छीने गए अमरीकी सैन्य वाहनों और टैंकों की ओर था।