इराक़ की सशस्त्र सेना के प्रवक्ता जनरल क़ासिम अता ने बताया है कि पिछले चौबीस घंटे के दौरान विभिन्न कार्यवाहियों में 157 आतंकी मारे गये हैं।
उन्होंने बृहस्पतिवार को बग़दाद में प्रेस कांफ़्रेंस में कहा कि सलाहुद्दीन प्रांत में सेना और क़बाईली लोगों ने वायु सेना की सहायता से 47 आतंकियों को मार गिराया। उनका कहना था कि इस कार्यवाही में आईएसआईएल के 14 वाहनों को नष्ट कर दिया गया। सेना के प्रवक्ता का कहना है कि तिकरीत नगर के मुख्य द्वार और निकासी पर सेना का पूर्ण नियंत्रण है और सेना नगर के भीतर निरंतर हमले कर रही है।
सेना के प्रवक्ता का कहना है कि इसी प्रकार दियाला प्रांत में सेना की कार्यवाही में 39 सशस्त्र आतंकी मारे गये और सेना ने इसी कार्यवाही के दौरान सड़क के किनारे लगे 11 बमों को बरामद करके निष्क्रिय कर दिया। उनका कहना था कि सेना ने बाबिल प्रांत में कार्यवाही करते हुए 25 आतंकवादियों को ढेर कर दिया और प्रांत के उत्तरी क्षेत्र जर्फ़ सख़र में सेना ने आतंकियों के 10 वाहनों को नष्ट कर दिया।
सेना के प्रवक्ता क़ासिम अता का कहना है कि सुरक्षा बलों ने अंबार प्रांत में भी कार्यवाही करते हुए 46 आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया जबकि इस कार्यवाही के दौरान उनके दसियों वाहनों को तबाह कर दिया गया। उनका कहना था कि सेना इसी प्रकार जज़ीरा और बादिया में भी भीषण कार्यवाही कर रही है।
इराक़ी सेना के प्रवक्ता का कहना है कि सुरक्षा बलों ने पिछले 48 घंटे के दौरान सलाहुद्दीन प्रांत में सबाएकर छावनी पर आतंकियों के हमले को विफल बना दिया और इस कार्यवाही में सारे आक्रमणकारी मारे गये और उनके वाहनों को तबाह कर दिया गया। उनका कहना था कि मारे गये आतंकियों में कई अरब देशों के नारगिक हैं।
क़ासिम अता का कहना था कि आतंकवादियों के ठिकानों पर सेना, वायु सेना की सहायता से भीषण हमले कर रही है। उन्होंने इसी के साथ स्थानीय क़बाईली लोगों का सेना का समर्थन करने और आतंकवादियों के सफ़ाये पर आभार व्यक्त किया। सलाहुद्दीन प्रांत के सैन्य सूत्रों का कहना है कि आंकवादियों ने तिकरीत नगर में सबाएकर छावनी पर छह जुलाई को हमला किया था जिसे सेना ने विफल बना दिया और आतंकवादियों को भारी नुक़सान हुआ।
ज्ञात रहे कि इराक़ में हालिया दिनों में आतंकवादियों ने कुछ उत्तरी क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा कर लिया था जिसे स्वतंत्र कराने के लिए सेना की व्यापक स्तर पर कार्यवाही जारी है।
10 जुलाई 2014 - 17:36
समाचार कोड: 623029
इराक़ की सशस्त्र सेना के प्रवक्ता जनरल क़ासिम अता ने बताया है कि पिछले चौबीस घंटे के दौरान विभिन्न कार्यवाहियों में 157 आतंकी मारे गये हैं।