आतंकवादी संगठन आईएसआईएस ने अरबी और अंग्रेज़ी भाषाओं में अपनी पहली पत्रिका प्रकाशित की है।
अलआलम टीवी चैनेल की रिपोर्ट के अनुसार आईएसआईएल या दाइश ने “दाबिक़” नाम की पत्रिका प्रकाशित की है। यह पत्रिका इंटरनेट पर भी मौजूद है। “दाबिक़” नामक दाइश की पत्रिका को सीरिया में इस आतंकवादी संगठन के नियंत्रण वालों क्षेत्रों में वितरित किया गया है। वेबसाइट से भी इसे भेजा जा रहा है।
संचार माध्यमों का कहना है कि आईएसआईएस की इस पत्रिका को, जो वेबसाइट पर अंग्रेज़ी भाषा में है, पूरी महारत के साथ तैयार किया गया है। प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार आईएसआईएस शीघ्र ही अपनी दूसरी पत्रिका प्रकाशित करने जा रहा है जिसका नाम “ख़िलाफ़त-2” होगा। यह भी अंग्रेज़ी तथा अरबी दोनों भाषाओं में होगी।
आईएसआईएल का कहना है कि इसके माध्यम से वह पूरे विश्व में ख़िलाफ़त वाली सरकार की विचारधारा को प्रस्तुत करना चाहता है। उल्लेखनीय है कि आतंकवादी गुट आईएसआईएस ने कुछ दिन पहले इराक़ और सीरिया के कुछ क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा करके आईएसआईएस के प्रमुख अबूबक्र बग़दादी को पूरे विश्व के मुसलमानों का ख़लीफ़ा घोषित किया था। ज्ञात रहे कि “दाबिक़” एक गांव का नाम है जो उत्तरी सीरिया के हलब नगर के निकट तुर्की की सीमा पर स्थित है।
कुछ जानकारों का यह कहना है कि आईएसआईएस की ओर से अपनी नई पत्रिका का नाम “दाबिक़” रखने का उद्देश्य यह है कि इस नाम से उस युद्ध की ओर संकेत करने का प्रयास किया गया है जो दाबिक़ गांव में 24 अगस्त सन 1516 ईसवी को उस्मानी शासन के कमांडर सुल्तान सलीम प्रथम और सुल्तान क़ानसूह के बीच हुई थी। इस युद्ध में सीरिया का भाग उस्मानी शासन के नियंत्रण में आ गया था।
9 जुलाई 2014 - 13:48
समाचार कोड: 622740
आतंकवादी संगठन आईएसआईएस ने अरबी और अंग्रेज़ी भाषाओं में अपनी पहली पत्रिका प्रकाशित की है।