इराक़ में आतंकवादियों के विरुद्ध सेना की कार्यवाहियां जारी हैं जिनमें दर्जनों आतंकी मारे गए हैं।
बाबिल प्रांत में संसद की सुरक्षा समिति के एक सदस्य ने बताया कि इराक़ी सेना के सुख़ोई युद्धक विमानों ने हिल्ला में आतंकवादी संगठन के एक ठिकाने पर हमला किया जिसमें 24 आतंकी मारे गए। इराक़ की सेना ने इसी प्रकार सलाहुद्दीन प्रांत में क़बाइलियों की सहायता से दसियों आतंकवादियों को ढेर कर दिया है और निरंतर आगे बढ़ रही है।
इस बीच इराक़ी सेना के प्रवक्ता क़ासिम अता ने बताया है कि शीघ्र ही मूसिल में आतंकवादियों से युद्ध के लिए एक जनसंघर्ष आरंभ होने वाला है। उन्होंने कहा कि हमारे पास इस बात की ठोस जानकारी है कि मूसिल के अधिकांश क़बीले दाइश से मुक़ाबले के लिए स्वयं को तैयार कर रहे हैं और यह बात केवल मूसिल तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि सलाहुद्दीन प्रांत में भी इंतेफ़ाज़ा या जनसंघर्ष आरंभ हो जाएगा। उन्होंने इसी प्रकार बताया कि सैनिकों और स्वयं सेवी बलों ने बीजी रिफ़ाइनरी की ओर बढ़ने वाले आतंकियों पर आक्रमण कर दिया जिसमें कम से कम 14 आतंकवादी मारे गए जबकि उनके अनेक वाहन भी नष्ट हो गए।
इस बीच मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़त्ताह सीसी ने मंगलवार को इराक़ के प्रधानमंत्री नूरी मालेकी से टेलीफ़ोन पर बात करते हुए कहा कि उनका देश इराक़ का समर्थन करता है और निर्धारित समय में सरकार गठन का इच्छुक है। इराक़ी प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी होने वाले एक बयान के अनुसार इस वार्ता में मालेकी ने आतंकवाद से संघर्ष के संबंध में इराक़ का समर्थन करने पर मिस्र की सराहना की। उन्होंने कहा कि इराक़ी सेना, आतंकियों के क़ब्ज़े वाले क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रही है।
8 जुलाई 2014 - 17:20
समाचार कोड: 622493
इराक़ में आतंकवादियों के विरुद्ध सेना की कार्यवाहियां जारी हैं जिनमें दर्जनों आतंकी मारे गए हैं।