3 जुलाई 2014 - 09:18
कुर्दिस्तान के प्रमुख मसऊद बारेज़ानी के बयान की आलोचना।

इराक़ी प्रधानमंत्री ने कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख के बयान की आलोचना की है।

इराक़ी प्रधानमंत्री ने कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख के बयान की आलोचना की है।
इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख मसऊद बारेज़ानी के इस क्षेत्र की स्वाधीनता के लिए रिफ़्रेन्डम कराने के भड़काऊ बयान पर इराक़ी प्रधान मंत्री नूरी मालेकी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि बारेज़ानी का बयान स्वीकार्य नहीं है।
मसऊद बारेज़ानी ने मंगलवार को इराक़ के बंटवारे की कोशिशों के तहत एक भड़काऊ बयान में दावा किया था कि वे कुछ महीने के भीतर कुर्दिस्तान के इराक़ से अलग होने के संबंध में रिफ़्रेन्डम कराएंगे।
मालेकी ने इराक़ी संसद के मंगलवार के सत्र के बारे में कहा कि यह सत्र प्रभावी नहीं था और कोशिश की जा रही है कि इस कमी को अगले सत्र में दूर कर दिया जाए। ज्ञात रहे इराक़ी संसद का मंगलवार का सत्र कुछ सांसदों की ओर से रुकावट डाले जाने के कारण विफल हो गया था।
इराक़ी प्रधान मंत्री ने कुछ पड़ोसी देशों द्वारा इराक़ में आतंकवादियों को क्रान्तिकारी बताए जाने की आलोचना की।