ब्रिटिश समाचार पत्र डेलीमेल ने आईएसआईएल का एक मानचित्र प्रकाशित किया है जिसमें इस आतंकवादी संगठन की सीमाओं को रेखांकित किया गया है।
समाचार पत्र लिखता है कि सामाजिक वेबसाइटों पर इस मानचित्र को अपलोड किया गया है जिसमें आईएसआईएल की नई सरकार के गठन और अबू बक्र बग़दादी के ख़लीफ़ा नियुक्त किए जाने की घोषणा की गयी है।
समाचार पत्र लिखता है कि आईएसआईएल के आतंकियों ने सीरिया और इराक़ के बहुत से क्षेत्रों पर क़ब्ज़ा कर रखा है और वे अपनी सरकार की सीमा विस्तार के लिए प्रयासरत हैं। मानचित्र में दिखाया गया है कि मध्यपूर्व से उत्तरी अफ़्रीक़ा, एशिया के बड़े क्षेत्रों और यूरोप के कुछ भागों पर आईएसआईएल की सरकार होगी।
इसी प्रकार मानचित्र में यह भी दिखाया गया है कि स्पेन पर भी जहां सात सौ वर्षों तक मुसलमानों ने राज किया, वर्ष 2020 तक इस्लामी सरकार का गठन हो जाएगा।
इसी प्रकार आईएसआईएल की योजना बालकान, रोम, बुलग़ारिया से लेकर आस्ट्रिया तक अपनी सीमा विस्तृत करने और प्रथम विश्व युद्ध से पहले वाले मानचित्र को लागू करने का इरादा है। आईएसआईएल के आतंकवादी मध्यपूर्व क्षेत्र में सीमा विभाजन से पहले उस्मानी शासन की सीमाओं पर बल देते हैं और उनका कहना है कि साइकस पीको नामक समझौता, मुसलमानों को विभाजित करने और इस्लामी सरकार के गठन को रोकने के लिए किया गया था।
इससे पूर्व आईएसआईएल के प्रवक्ता अबू मुहम्मद अदनानी ने एक वीडियो टेप के माध्यम से इराक़ और सीरिया में इस्लामी सरकार के गठन की घोषणा करते हुए कहा था कि अन्य अरब देशों की ओर इस्लामी सरकार की सीमा के विस्तार के लिए प्रयास किए जाएंगे।
3 जुलाई 2014 - 09:03
समाचार कोड: 621018
ब्रिटिश समाचार पत्र डेलीमेल ने आईएसआईएल का एक मानचित्र प्रकाशित किया है जिसमें इस आतंकवादी संगठन की सीमाओं को रेखांकित किया गया है।