इराक़ी प्रधान मंत्री ने आतंकवादियों के अस्तित्व से इराक़ को पाक करने का संकल्प दर्शाया है।
अनातोली न्यूज़ एजेंसी के अनुसार इराक़ी प्रधान मंत्री नूरी मालेकी ने रविवार की रात बग़दाद के दक्षिणी इलाक़े महमूदिया में आईएसआईएल के आतंकवादियों के ख़िलाफ़ जंग में स्वेच्छा से भाग लेने वालों के एक समूह को संबोधित करते हुए देश के भीतर कुछ हारे हुए राजनेताओं और कुछ देशों को आतंकवादी गुट आईएसआईएल के साथ सहयोग करने का आरोप लगाया।
इराक़ी प्रधान मंत्री ने आतंकवादियों की ओर संकेत करते हुए कहा, “ हमने उनकी ओर बढ़ना शुरु कर दिया है। उनके पास छिपने के लिए कोई स्थान नहीं होगा। ”
उन्होंने देश के भीतर हारे हुए नेताओं को संबोधित करते हुए कहा, “ यदि आप मक्कारी और अपने किराए के टट्टुओं के सहारे हमसे लड़ेंगे तो हम वीरों की तरह लड़ेगे। यह हमारा आपको संदेश है।”
इराक़ी प्रधान मंत्री ने आतंकवादी गुट आईएसआईएल या दाइश से लड़ने के लिए तय्यार स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी ज़िम्मेदारी दाइश के तत्वों व इससे जुड़े नेताओं के अस्तित्व से इराक़ के पाक हो जाने से ख़त्म नहीं होगी बल्कि आप के कांधे पर इराक़ी सेना के गठन की ज़िम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मूसिल हाथ से नहीं गया बल्कि उन राजनेताओं का पतन हुआ है जो इराक़ के पतन के बारे में सोच रहे थे।
नूरी मालेकी ने कहा कि इराक़ी सेनाओं ने दाइश से लड़ने की कमान संभाल ली है और दाइश के ख़िलाफ़ वे आगे बढ़ रहे हैं ताकि पूरे देश को उनके अस्तित्व से पाक कर दें।
23 जून 2014 - 11:49
समाचार कोड: 618277
इराक़ी प्रधान मंत्री ने आतंकवादियों के अस्तित्व से इराक़ को पाक करने का संकल्प दर्शाया है।