21 मई 2014 - 18:47
तेहरान और अलमाती के बीच संबन्ध विस्तार पर बल।

डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को शंघाई में सीका बैठक से इतर क़ज़ाक़िस्तान के राष्ट्रपति नूर सुल्तान नज़रबायेफ़ के साथ मुलाक़ात में दोनों देशों के बीच हर क्षेत्र में संबन्ध विस्तार पर ज़ोर दिया।

इस्लामी रिपब्लिक ईरान तथा क़ज़ाक़िस्तान के राष्ट्रपतियों ने बहु आयामी संबन्धों में विस्तार पर ज़ोर दिया है।
डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार को शंघाई में सीका बैठक से इतर क़ज़ाक़िस्तान के राष्ट्रपति नूर सुल्तान नज़रबायेफ़ के साथ मुलाक़ात में दोनों देशों के बीच हर क्षेत्र में संबन्ध विस्तार पर ज़ोर दिया। ईरान के राष्ट्रपति ने क़ज़ाक़िस्तान की ओर से ग्रुप 5+1 की मेज़बानी पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक पड़ोसी व दोस्त देश के रूप में क़ज़ाक़िस्तान ने ईरान के शांतिपूर्ण परमाणु कार्यक्रम के संबन्ध में उचित नीति अपनाई है।
राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा कि बातचीत के दौरान दूसरा पक्ष बहाने बनाना छोड़ दे तो परमाणु मामले का समाधान बहुत ही अच्छे ढंग से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अलबत्ता बातचीत की जो प्रक्रिया जारी है उससे समाधान करीब दिखाई देता है जिसमें क़ज़ाक़िस्तान का समर्थन इसे और अधिक करीब बना सकता है।
इस मुलाक़ात और बातचीत में क़ज़ाक़िस्तान के राष्ट्रपति ने ईरान के साथ संबन्ध विस्तार और सहकारिता पर बल देते हुए कहा कि ट्रांज़िट हेतु ईरान की रेल लाइन का प्रयोग क़ज़ाक़िस्तान के लिए विशेष महत्व रखता है।