28 फ़रवरी 2014 - 20:30
राष्ट्रीय हितों की रक्षा सभी की ज़िम्मेदारी

इस्लामिक रिपब्लिक ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा है कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा सभी का ज़िम्मेदारी है।

इस्लामिक रिपब्लिक ईरान के राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा है कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा सभी का ज़िम्मेदारी है। डाक्टर हसन रूहानी ने शनिवार को रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक में कहा कि राष्ट्रीय हितों की रक्षा और दुश्मनों की साज़िशों तथा ख़तरों का मुक़ाबला पूरे ईरानी राष्ट्र की ज़िम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केवल मुल्क की सशस्त्र सेनाएं ही दुश्मनों की साज़िशों तथा ख़तरों के मुक़ाबले में ईरान की रक्षा नहीं करतीं बल्कि हमारी कूटनीति और विदेश मंत्रालय भी मुल्क की सीमाओं तथा ईरान की राष्ट्रीय व धार्मिक मान्यताओं के रक्षक हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि जो बात ईरान को दुश्मन के मुक़ाबले में कामयाब बनाती है वह अल्लाह तआला पर ईमान से भरे और उच्च भावनाओं वाले लोग हैं। डाक्टर रूहानी ने इसी तरह शांति व सुरक्षा को, मुल्क के विकास के लिए समाज का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताया और कहा कि सुरक्षा का मतलब यह है कि लोगों को विभिन्न तरह के संभावित ख़तरों की ओर से चिंता न रहे और वे शांति का आभास करें। उन्होंने कहा कि ईरानी जनता को इस बात का आभास होना चाहिए कि मुल्क का संचालन करने वाले लोग, दुश्मनों के षड्यंत्रों और ख़तरों से राष्ट्रीय हितों, दीनी व राष्ट्रीय मान्यताओं और इसी तरह लोगों के अधिकारों, मुल्क की स्वाधीनता, राष्ट्रीय एकता व मुल्क की संप्रभुता की भली भांति रक्षा कर सकते हैं।