14 दिसंबर 2013 - 20:30
सीरियाई आतंकवादियों के बीच मतभेद में बढ़ोत्तरी।

सीरिया में आतंकवादियों के विरुद्ध सेना का देश व्यापी अभियान जारी है और इसी के साथ दमिश्क़ सरकार के विरुद्ध सक्रिय आतंकवादी गुटों की आपसी झड़पों में भी तेज़ी आ गयी है और इराक़ व सीरिया में इस्लामी सरकार दाइश नामक आतंकवादी गुट ने फ़्री सीरियन आर्मी के एक कमान्डर को फांसी दे दी है

सीरिया में आतंकवादियों के विरुद्ध सेना का देश व्यापी अभियान जारी है और इसी के साथ दमिश्क़ सरकार के विरुद्ध सक्रिय आतंकवादी गुटों की आपसी झड़पों में भी तेज़ी आ गयी है और इराक़ व सीरिया में इस्लामी सरकार दाइश नामक आतंकवादी गुट ने फ़्री सीरियन आर्मी के एक कमान्डर को फांसी दे दी है। सीरिया की सेना ने अदरा के क्षेत्र में आतंकवादी गुटों के ठिकानों का पता लगाने और उनका घेराव कर ने के बाद उन पर आक्रमण किया। इस कार्यवाही में बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे गये। सीरिया की सेना ने नबक के पास बम बनाने के एक कारख़ाने का पता लगाकर उसे नष्ट कर दिया।इसी मध्य सेना ने घोषणा की है कि उसने क़लमून के पर्वतांचल में स्थित यबरूद नामक नगर से आतंकवादियों को खदेड़ने की कार्यवाही आरंभ कर दी है। समाचारों के अनुसार सेना इस समय यबरूद नगर में आतंकवादियों के विरुद्ध युद्ध कर रही है। सीरिया की सेना ने इसी प्रकार दमिश्क़-हुम्स अंतर्राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बग़दाद पुल पर नियंत्रण कर लिया है और इस क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि चूंकि यह पुल दमिश्क़ के निकट कई क्षेत्रों को एक दूसरे से जोड़ता है इसलिए इसका महत्त्व बहुत अधिक है। सीरिया के दक्षिणी क्षेत्र दरआ मे भी सेना ने आतंकवादियों के अड्डों पर आक्रमण किए जिसके दौरान कई आतंकवादी मारे गये हैं।दूसरी ओर तथा कथित फ़्री सीरियन आर्मी के कमान्डर अम्मार वावी और उसके साथियों को दाइश नामक आतंकवादी संगठन ने फांसी दे दी। इस रिपोर्ट के अनुसार दाइश ने जनरल अम्मार वावी और उसके साथियों को तुर्की से सीरिया में प्रविष्ट होने के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में ही गिरफ़्तार कर लिया था और उसके बाद फांसी दे दी। जनरल वावी बाबिल ब्रिगेड का कमान्डर भी था।