29 अक्टूबर 2013 - 20:30
ईरान की परमाणु गतिविधियां एनपीटी के आधार पर

ईरान की संसद में विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख ने कहा है कि ईरान की समस्त परमाणु गतिविधियां, एनपीटी के नियमों के अनुसार और आईएईए के निरीक्षण में हैं

ईरान की संसद में विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रमुख ने कहा है कि ईरान की समस्त परमाणु गतिविधियां, एनपीटी के नियमों के अनुसार और आईएईए के निरीक्षण में हैं।अलाउद्दीन बुरुजर्दी ने तेहरान में पोलैंड के उप विदेशमंत्री, बोगोस्लाव वेनीद से भेंट में ईरान और गुट पांच धन एक के मध्य वार्ता की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान ने परमाणु गतिविधियों के लिए अंतरराष्ट्रीय नियमों के पालन के अलावा, परमाणु शस्त्रों के उत्पादन के वर्जित होने के वरिष्ठ नेता के फतवे  का भी पूर्ण रूप से पालन किया है।उन्होंनें इस भेंट में सीरिया सहित क्षेत्र के महत्वपूर्ण मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, ने सीरिया संकट के आरंभ के साथ ही यह तार्किक रूख अपनाया कि सीरिया के संकट का सैनिक समाधान नहीं है बल्कि इसे राजनीतिक मार्गों से और इस देश की अपनी संभावनाओं को प्रयोग करते हुए सुलझाना चाहिए।इस भेंट में पोलैंड के उप विदेशमंत्री ने भी अपनी तेहरान यात्रा पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए कहा कि पोलैंड के लोग प्राचीन समय से ईरानी नागरिकों को विशेष सम्मान की नज़र से देखते हैं और वे इस क्षेत्र के इतिहास और सभ्यता का सम्मान करते हैं।