सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने कहा है कि उनकी राजनैतिक व्यवस्था को इस देश की जनता का भरपूर समर्थन प्राप्त है।
राष्ट्रपति बश्शार असद ने अमरीका के ब्लोमबर्ग से बात करते हुए सीरिया की संकटमयी स्थिति के मुक़ाबले में सीरियाई जनता और सरकार के प्रतिरोध और डटे रहने की ओर संकेत करते हुए कहा कि सीरिया की सरकार ने जनता के भरपूर समर्थन के कारण अपने देश की संप्रभुता की रक्षा की है। सीरिया के राष्ट्रपति ने अमरीका की ओर से अंतर्राष्ट्रीय क़ानून को धता बताए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सीरिया में अमरीका के किसी भी सैन्य हस्तक्षेप का अर्थ अलक़ायदा और सीरिया में सक्रिय आतंकवादियों को सुदृढ़ता मिलेगी।
सीरिया के राष्ट्रपति ने अमरीका के संभावित आक्रमण के व्यापक परिणाम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आक्रमण केवल सीरिया तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए इसके ख़तरनाक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि सशस्त्र आतंकवादियों ने रसायनिक शस्त्रों का प्रयोग करके सीरिया की निहत्थी जनता का जनसंहार किया है।