रूस के राष्ट्रपति विलादमीर पुतीन ने कहा है कि रूस, सीरिया को एस-300 एयर डिफ़ेंस सिस्टम के कलपुर्ज़े देगा।
रूसी समाचार एजेन्सी नोवेस्ती की रिपोर्ट के अनुसार रूस के राष्ट्रपति ने कहा कि उनके देश ने सीरिया को एस-300 के विभिन्न पुर्ज़े दिए हैं और यह समझौता अभी बाक़ी है। उन्होंने अमरीका की ओर से सीरिया पर रसायनिक शस्त्रों के प्रयोग के आरोपों की ओर संकेत करते हुए कहा कि अमरीका के पास कोई प्रमाण नहीं है कि जिससे सिद्ध कर सकता हो कि सीरियाई सरकार ने रसायनिक शस्त्रों का प्रयोग किया है।
उन्होंने कहा कि कम से कम संयुक्त राष्ट्र संघ के जांच दल की रिपोर्ट आने तक तो चुप रहना चाहिए। ज्ञात रहे कि रूस के राष्ट्रपति ने एक बार फिर सचेत किया है कि सीरिया पर अमरीका के संभावित आक्रमण के गंभीर परिणाम सामने आएंगे।