31 जुलाई 2013 - 19:30
बांग्ला देश में जमाअते इस्लामी पार्टी अवैध घोषित

बांग्लादेश में हाई कोर्ट ने जमाअते इस्लामी पार्टी को अवैध घोषित कर दिया है। कोर्ट ने भविष्य में इस पार्टी के चुनाव लड़ने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है

बांग्लादेश में हाई कोर्ट ने जमाअते इस्लामी पार्टी को अवैध घोषित कर  दिया है।  कोर्ट ने भविष्य में इस पार्टी के चुनाव लड़ने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।  हाई कोर्ट की पीठ के मुख्य जज ने कहा है कि जमाअत इस्लामी पार्टी को अवैध घोषित किया जाता है और साथ ही इस पार्टी का चुनाव आयोग द्वारा किया गया पंजीकरण भी ग़ैरक़ानूनी घोषित किया जाता है।  कोर्ट के इस निर्णय के पश्चात यह पार्टी अगला संसदीय चुनाव नहीं लड़ पाएगी जो इस वर्ष के अंत  या अगले वर्ष के आरंभ में होगा। जस्टिस हुसैन और क़ाज़ी रज़ाउल हक़ की पीठ ने राजनीतिक दल के रूप में जमाअते इस्लामी के पंजीकरण को चुनौती देने वाली याचिका पर यह निर्णय सुनाया है।  कोर्ट के इस निर्णय के बाद जमाअते इस्लामी के समर्थकों ने हिंसक प्रदर्शन किये।  पुलिस ने बताया कि पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ताओं ने ढाका के उत्तर पश्चिम में  स्थित पबना ज़िले में एक सड़क को जाम कर दिया और गाडि़यों को भी नुक़सान  पहुंचाया।