14 मई 2013 - 19:30
ईरान, इस्लामी जगत में महत्वपूर्ण स्थान रखता है।

ईरान और सऊदी अरब के बीच संबंधों को बढ़ावा देने पर बल देते हुए सऊदी अरब के विदेश मंत्री ने ईरान को दोस्त और इलाक़े का महत्वपूर्ण मुल्क बताया और कहा कि सऊदी अरब ने हमेशा ईरान के लिए शुभकामनाएं की हैं........

ईरान और सऊदी अरब के बीच संबंधों को बढ़ावा देने पर बल देते हुए सऊदी अरब के विदेश मंत्री ने ईरान को दोस्त और इलाक़े का महत्वपूर्ण मुल्क बताया और कहा कि सऊदी अरब ने हमेशा ईरान के लिए शुभकामनाएं की हैं।समाचार एजेंसी मेह्र की रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब के विदेश मंत्री सऊद अल-फ़ैसल ने जद्दा में इस्लामी रिपब्लिक ईरान के समकक्ष अली अकबर सालेही के साथ बैठक के दौरान ईरान और सऊदी अरब के बीच संबंधों को बढ़ावा देने पर बल दिया है।ईरानी विदेश मंत्री वित्तीय संकट के संबंध में इस्लामी सहयोग संगठन (ओ आई सी) की बैठक में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को जद्दा पहुंचे जहां सऊदी अरब के विदेश मंत्री से मुलाकात के दौरान द्विपक्षीय और क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की गई।सऊदी अरब के विदेश मंत्री ने ईरान को दोस्त, औऱ इलाक़े का महत्वपूर्ण देश बताते हुए कहा है कि सऊदी अरब ने हमेशा ईरान के लिए शुभकामनाएं की हैं, सऊद अल-फ़ैसल ने कहा कि हमने हमेशा इस बात पर बल दिया कि ईरान का इस्लामी दुनिया में महत्वपूर्ण और प्रमुख स्थान है और सऊदी अरब हमेशा ईरान को महान और बुजुर्ग देश समझता है।सऊद अल-फ़ैसल ने कहा कि सऊदी अरब आपसी और संयुक्त हितों के आधार पर ईरान के साथ संबंधों को बढ़ावा देने का इच्छुक है। उधर ईरानी विदेश मंत्री अली अकबर सालेही ने भी इस बैठक के दौरान कहा कि ईरान और सऊदी अरब मिलकर इस्लामी दुनिया को पेश आने वाली चुनौतियों का मुकाबला कर सकते हैं और इलाक़े में जारी संकट को आपसी समझ द्वारा हल कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि ईरान और सऊदी अरब मिलकर फ़िलिस्तीन, बहरैन, सीरिया और इराक की समस्याओं को हल करने की क्षमता रखते हैं।अली अकबर सालेही ने कहा कि हमें इस्लामी मुद्दों को हल करने के बारे में अमेरिका से मदद मांगने के बजाय अल्लाह से मदद मांगनी चाहिए और इस्लामी दुनिया की क्षमताओं से मदद लेनी चाहिए।