अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में अमरीका के विरुद्ध प्रदर्शन हुए हैं। प्राप्त सूचना के अनुसार राजधानी काबुल में आज सैकड़ों लोगों ने अमरीका के विरुद्ध प्रदर्शन किए जिसमें वरदक प्रांत की जनता भी शामिल थी। प्रदर्शनकारी अमरीका के विरुद्ध नारे लगा रहे थे और वरदक प्रांत से तुरंत विदेशी सैनिकों को निकालने की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने सचेत किया है कि यदि वरदक प्रांत से अमरीकी सैनिक नहीं निकले तो उनको दुष्परिणाम के लिए तैयार रहना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने वरदक प्रांत के लोगों के जनसंहार और उन्हें प्रताड़ित करने वाले अमरीकी सैनिकों पर मुक़द्दमा चलाने की भी मांग की। दूसरी ओर तालेबान ने पांच अफ़ग़ान सुरक्षा कर्मियों को हताहत करने का दावा किया है। रेडियो तेहरान की पश्तु सेवा के अनुसार तालेबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने दावा किया है कि तालेबान के सदस्यों ने अफ़ग़ानिस्तान के कुन्नड़ प्रांत के मानूगी क्षेत्र में पिछली रात अफ़ग़ान सैनिकों पर आक्रमण किया जिसमें प्रवक्ता के अनुसार पांच सैनिक हताहत और तीन घायल हो गये। अफ़ग़ान सरकार की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है