2 जनवरी 2013 - 20:30

पैग़म्बरे इस्लाम के नाती हज़रत इमाम हुसैन का चेहलुम भरपूर श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है....

पैग़म्बरे इस्लाम के नाती हज़रत इमाम हुसैन का चेहलुम भरपूर श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इराक़ के पवित्र नगर कर्बला से जहां इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम और उनके 72 निष्ठावान साथियों के रौज़े हैं सूचना आ रही है कि चहलुम के अवसर पर डेढ़ करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं और पूरा वातावरण नौहा मातम और मजलिसों की आवाज़ों से गूंज रहा है। वर्षों पुरानी परम्परा के अनुसार श्रद्धालु कई सौ किलोमीटर की दूरी पैदल तय करके कर्बला पहुंचे हैं जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु नंगे पांच चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। विश्व के 130 देशों से लोग इमाम हुसैन की चेहलुम मनाने के लिए कर्बला पहुंचे हैं। विदेशों से इराक़ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या चार लाख तक बताई जा रही है। पिछले कई दिनों से कर्बला का पूरा वातावरण शोक में डूबा हुआ है और इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के श्रद्धालु भीगी आंखों और रुंधे गले के साथ अपनी श्रद्धा व्यक्त कर रहे हैं। बग़दाद सरकार ने चेहलुम के अवसर पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं तथा कर्बला के भीतर और आसपास के क्षेत्रों में 32 हज़ार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। इस्लामी गणतंत्र ईरान भी इमाम हुसैन के चेहलुम के अवसर पर शोक में डूबा हुआ है। पवित्र नगरों मशहद और क़ुम के साथ ही तेहरान, इसफ़हान शीराज़ सहित सारे शहरों और गांवों में चेहलुम के कार्यक्रम जारी हैं और जगह जगह जुलूस निकाले गए हैं। भारत और पाकिस्तान में भी आज ही चेहलुम मनाया जा रहा है और श्रद्धालु हज़रत इमाम हुसैन और उनके 72 साथियों को याद कर रहे हैं। पाकिस्तान में चेहलुम के अवसर पर सरकार ने संवेदनशील समझे जाने वाले शहरों में व्यापक रूप से सुरक्षा के प्रबंध किए हैं। लेबनान में भी चेहलुम के अवसर पर जगह जगह शोक सभाएं जारी हैं। राजधानी बैरूत में दसियों हज़ार की संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हैं।