26 नवंबर 2012 - 20:30

फ़िलिस्तीन के पूर्व नेता यासिर अराफात की मौत का कारण जानने के लिए मंगलवार को उनकी कब्र खोद कर उनके अवशेष निकाले गये......

फ़िलिस्तीन के पूर्व नेता यासिर अराफात की मौत का कारण जानने के लिए मंगलवार को उनकी कब्र  खोद कर उनके  अवशेष निकाले गये। अधिकारियों का कहना है कि सरकार के इस कदम का उद्देश्य पूर्व नेता की मौत की जांच के लिए वैज्ञानिकों को अवशेष देना है जिसके बाद उनके शव को मंगलवार को ही दोबारा दफन कर दिया जाएगा। स्विट्ज़रलैंड की एक प्रयोगशाला में  यासिर अराफात द्वारा प्रयोग की गयी वस्तुओं में रेडियो धर्मी पदार्थ पोलोनियम  के प्रमाण मिलने के बाद इसी वर्ष फ्रांस में अभियोजन पक्ष ने अराफात की मौत की जांच आरंभ की थी।  पेरिस में उनका इलाज करने वाले डॉक्टरों का कहना है कि वह यासिर अराफात की मौत के कारण का पता नहीं लगा सके।  रामल्ला  में इसी महीने के आंरभ में उनके मक़बरे के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गयी थी। यासिर अराफात जिन्होंने फिलिस्तीनी स्वतंत्रता संगठन का पीएलओ का  35 वर्षों तक नेतृत्व किया था 1996 में फिलिस्तीनी प्रशासन के पहले प्रमुख बने।  अराफात 2004 में उस समय बीमार पड़ गए थे जब इस्राइल ने उनके आवास का घेराव कर लिया था । इस बीमारी के दो सप्ताह बाद उन्हें पेरिस के एक सैनिक अस्पताल ले जाया गया जहां ११ नवम्बर 2004 में 75 वर्ष की आयु में  उनका निधन हो गया था। उनकी पत्नी ने अपने पति के शव के पोस्टमार्टम का विरोध किया किंतु बाद में फिलिस्तीनी प्रशासन से अनुरोध किया कि वह उनके पति यासिर अरफात की कब़्र खोदे जाने में सहयोग करे ताकि सच्चाई सामने आ सके। यासिर अराफात की पत्नी का कहना है कि उनके पति को विष देकर मार डाला गया है। इस संदर्भ में इस्राईल पर शंका है कि उसने यासिर अराफात को रेडियोधर्मी पदार्थ का प्रयोग करके मार डाला।.....166