27 सितंबर 2012 - 20:30

सउदी अरब में राजधानी रियाज़ के उत्तर में स्थित क़ासिम प्रांत की कुख्यात तफ़िया जेल के सामने जनता के प्रदर्शन का समाचार है जिसके दौरान लोगों ने राजनैतिक बंदियों की रिहाई की मांग दोहराई.........

सउदी अरब में राजधानी रियाज़ के उत्तर में स्थित क़ासिम प्रांत की कुख्यात तफ़िया जेल के सामने जनता के प्रदर्शन का समाचार है जिसके दौरान लोगों ने राजनैतिक बंदियों की रिहाई की मांग दोहराई। इस प्रदर्शन में दर्जनों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। गुरुवार को इस रैली में जनता ने तफ़िया जेल में लोगों को मनमाने ढंग से क़ैद रखने की निंदा की। यह लोग बहुत ही दयनीय स्थिति में जेल में बंद हैं। सउदी पुलिस ने लोगों को एकत्रित होने से रोकने का प्रयास किया।  
सोमवार को इसी जेल के सामने लोगों ने अपने संबंधियों की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था जिसके दौरान सउदी पुलिस ने दर्जनों लोगों को गिरफ़्तार कर लिया। सउदी अरब में पिछले वर्ष से जनक्रान्ति जारी है। इस दौरान सउदी शासन ने बड़ी संख्या में लोगों को प्रदर्शनों में भाग लेने के कारण गिरफ़्तार कर जेल में बंद कर दिया। सउदी शासन की मानवाधिकार के उल्लंघन के कारण कड़ी आलोचना होती है। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि सैकड़ों राजनैतिक बंदियों को बहुत ही दयनीय स्थिति में रखा गया है और उन्हें वकील करने की अनुमति नहीं है। सउदी अरब में पुलिस के हाथों केवल शक के आधार पर बड़ी संख्या में लोग वर्षों से जेल में बंद हैं। मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स वॉच के अनुसार सउद शासन, सरकार की आलोचना करने वालों का सामान्यतया दमन करता है। 
.......
166